IGKV में पेपर लीक का तीसरा मामला: जेनेटिक्स का पेपर परीक्षा से 5 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

IGKV में पेपर लीक का तीसरा मामला: जेनेटिक्स का पेपर परीक्षा से 5 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक का एक और मामला सामने आया है। बीएससी फर्स्ट ईयर के फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का पेपर परीक्षा शुरू होने से करीब 5 से 6 घंटे पहले ही छात्रों के बीच वायरल हो गया।

परीक्षा 19 अगस्त को सुबह 10 बजे होनी थी, जबकि पेपर की PDF सुबह करीब 4 से 5 बजे WhatsApp पर छात्रों तक पहुंच गई।

वायरल PDF में मौजूद सवाल और परीक्षा में पूछे गए प्रश्न एक जैसे बताए जा रहे हैं। PDF में पेपर के तीनों पार्ट के सवाल मौजूद थे। खास बात यह है कि पार्ट-सी में पूछे गए 6 नंबर के लॉन्ग आंसर वाले सवाल भी पहले से PDF में थे। इनके विस्तृत उत्तर भी PDF में दिए गए थे।

तीनों पार्ट के सवाल पहले से वायरल

वायरल पेपर के पार्ट-ए में लिंकज, सेल साइकिल, ट्रांसक्रिप्शन, मल्टीपल एलील्स, डबल हैप्लायड और प्लियोट्रापी से जुड़े सवाल थे। पार्ट-बी में यूकैरियोटिक क्रोमोसोम, एपिस्टेसिस, जीन इंटरैक्शन, मेंडल के लॉज, म्यूटेशन, जेनेटिक कोड और अन्य विषयों से प्रश्न शामिल थे।

पार्ट-सी में मीयोसिस-1, क्रोमोसोमल एबरेशन, क्रोमोसोमल थ्योरी ऑफ इनहेरिटेंस, साइटोप्लाज्मिक इनहेरिटेंस, सेक्स लिमिटेड और सेक्स इन्फ्लुएंस्ड ट्रेट्स, क्रॉसिंग ओवर-ट्रांसलोकेशन और DNA स्ट्रक्चर से जुड़े प्रश्न शामिल थे।

पहले दो पेपर भी हो चुके हैं लीक

IGKV में पेपर लीक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एंटोमोलॉजी और प्लांट पैथोलॉजी के पेपर लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं। एंटोमोलॉजी का पेपर परीक्षा से करीब दो घंटे पहले वायरल हुआ था, जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। पुलिस जांच में एक प्रोफेसर समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।

जांच में सामने आया था कि दोनों पेपर छात्रों तक पैसे लेकर पहुंचाए गए थे। दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा कराने की तैयारी है।

कुलपति बोले- जानकारी मिलने पर होगी कार्रवाई

IGKV के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि उन्हें अभी तक पेपर लीक के संबंध में पहले दो मामलों की जानकारी मिली थी और पुलिस को शिकायत दी गई थी।

उन्होंने कहा कि यदि जेनेटिक्स के पेपर के लीक होने की पुष्टि होती है तो इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन अब वायरल PDF और परीक्षा में पूछे गए सवालों की समानता की जांच कर सकता है।

Related Articles

Back to top button