खाद्य सामग्री पर जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन

रायपुर(realtimes) एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने आम जनता के खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी लगाने तथा अन्य पेट्रोल डीजल रसोई गैस आदि की कीमतें बढ़ाने के लिए जिम्मेदार बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के खिलाफ कचहरी चौक दुर्ग पर आज 20 जुलाई को जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए। महंगाई पर रोक लगाओ, पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की कीमतें आधी करो, आवश्यक खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी लगाना नहीं चलेगा, निजीकरण व उदारीकरण की नीति बंद करो, पूंजीपतियों का लोन माफ करना बंद करो, आम जनता के लिए विभिन्न अनुदान बढ़ाना होगा, बेरोजगारों को रोजगार देना होगा। तथा शिक्षा और स्वास्थ्य को पूरी तरह निशुल्क करना होगा आदि नारे लगाए गए।
प्रदर्शन में अपना वक्तव्य रखते हुए राज्य सचिव कामरेड विश्वजीत हारोड़े ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार आजादी के 75 साल के ‘अमृत महोत्सव’ मनाने की बात कर रही है और इस समय को अमृत काल बता रही है लेकिन आम जनता का महंगाई के कारण जीना दूभर होता जा रहा है पेट्रोल डीजल रसोई गैस की कीमतें आसमान पर पहुंच रही है, विभिन्न आवश्यक वस्तुओं की महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार ने 2 दिन पहले खाने-पीने की आवश्यक सामग्रियों पर जीएसटी लगा दिया है। देश में युवा वर्ग पहले ही भयंकर बेरोजगारी का सामना कर रहा है, सरकारी क्षेत्र में निजीकरण चल रहा है, सरकारी संपत्तियों को बेचा जा रहा है और सरकारी विभागों में पद खत्म किए जा रहे हैं। इससे रोजगार खत्म हो रहा है, आम जनता की कमाई कम हो रही है और गरीबी लगातार बढ़ती जा रही है। पहले ही नोटबंदी और अवैज्ञानिक लॉकडाउन के फैसले ने देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है। दूसरी और पूंजीपतियों के कारपोरेट टैक्स में कमी की जा रही है, इनके लोन को माफ किया जा रहा है तथा पूंजीपतियों को सरकारी कंपनियों को ओने पौने दामों में बेचा जा रहा है अतः पूंजी पतियों का मुनाफा लगातार बढ़ता जा रहा है और आम जनता लगातार गरीब होती जा रही है। वर्तमान केंद्र की भाजपा सरकार भी उन्हीं नीतियों को लेकर चल रही है जिसे पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने चलाया था। इस मामले में कांग्रेस और भाजपा दोनों की एक ही है, दोनों ही पूंजीपति वर्ग की पार्टियां है। हमारी पार्टी पूरे देश भर में तमाम राज्य और केंद्र सरकार की जन विरोधी तथा पूंजीपति परस्त नीतियों के खिलाफ आंदोलन कर रही है इसी क्रम में आज दुर्ग में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। हम आम जनता से अपील करते हैं कि वह महंगाई व अन्य जन समस्याओं के खिलाफ जोरदार आंदोलन करें तथा सरकार को झुकने पर मजबूर कर दे।
प्रदर्शन को पार्टी के जिला सचिव कामरेड आत्माराम साहू ने भी संबोधित किया। इस प्रदर्शन में देवेंद्र पाटिल, मधु साहू, पद्मा पाटील, कल्पना चंद, प्रवीण शर्मा, पूजा सागर, मेनका निषाद, सुनीता, दीपा कौशल, ममता रामटेके, मेघराज साहू, आकाश सोनी, अनिल देवांगन, पायल देवांगन, सती सोनी, तिरिथ साहू आदि उपस्थित थे।



