
रायपुर(realtimes) अगर आपके पास पुरानी बाइक या स्कूटी है ताे यह खबर आपके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, पेट्रोल की कीमत में लगी आग से झुलसते लाेगाें पर राहत की बारिश करने का काम अपनी प्रदेश की सरकार ने किया है। अब अपने राज्य में भी पुराने दुपहिया और चारपहिया वाहनों को ई-वाहनों में बदलने का रास्ता प्रदेश सरकार ने खोल दिया है। कैबिनेट में फैसला हुआ है कि अपने राज्य में भी पुराने वाहनों को ई-वाहन में बदला जाएगा। इस फैसले के बाद अब राजधानी रायपुर के साथ पूरे प्रदेश में जल्द ही यह काम होने लगेगा। रायपुर में थोक में कई दुकानदार किट तक का इंतजाम करके बैठे हैं। दुपहिया वाहनों को ई-वाहन में बदलना कम खर्च वाला है। इसके लिए 35 से 40 हजार ही लगेंगे। लेकिन जहां तक चारपहिया वाहनों का सवाल है तो इसके लिए बहुत ज्यादा पैसे लगेंगे। इस अभी की स्थिति में कम से कम चार लाख लगेंगे।
कई राज्याें में पेट्राेल वाले दुपहिया बहुत कम खर्च पर ई-वाहन में बदलकर सड़काें पर दाैड़ रहे हैं। इससे लाेगाें काे महंगे पेट्राेल से बड़ी राहत मिल रही है। पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमत के कारण अब अपने राज्य में भी लोग इसका विकल्प खोजने लगे हैं। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के कई शहरों में ऐसा करने वाले बैठे हैं, लेकिन यहां पर सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि यहां पर नियमाें का पेंच होने के कारण ऐसा नहीं हो रहा था। इसके लिए परिवहन विभाग की मंजूरी जरूरी रहती है। अब जाकर प्रदेश सरकार ने इस दिशा में बड़ा काम किया है। यहां पर ई-वाहनों के लिए प्रदेश सरकार ने अलग से नीति ही बना दी है। अब इस नीति के कारण जहां नए ई-वाहन बड़ी संख्या में सड़कों पर आएंगे, वहीं लोग अपने पुराने वाहनों को भी आसानी से ई-वाहन में बदल सकेंगे।
ई-वाहनों का प्रचलन लगातार बढ़ रहा
पेट्रोल की कीमत के कारण अब ई-वाहनों का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। बाजार में जहां ई-साइकिलें आ गईं हैं, वहीं छोटी ई-बाइक के साथ स्कूटर और बाइक भी बाजार में आ गए हैं। लेकिन इनकी कीमत बहुत ज्यादा होने के कारण इसको लेना हर किसी के लिए संभव नहीं है। ऐसे लोगों के लिए देश की कई ई-वाहन कंपनियों ने किट बनाई है जिसको लगाकर लोग अपने पुराने वाहनों को ई-वाहन में बदल सकते हैं। लेकिन इसके लिए यह जरूरी है कि जो किट पुराने वाहन में लगाई जा रही है, वह मान्यता प्राप्त हो, साथ ही राज्य का परिवहन विभाग ई-किट लगाने के बाद वाहन को पेट्रोल से ई-वाहन में बदलने की मंजूरी देकर आरसी बुक में उसको परिवर्तित कर दे। कुछ राज्यों में ऐसा कर दिया गया है।
स्कूटर और बाइक पर 35 से 40 हजार तक खर्च
राजधानी रायपुर में कई ऐसे आटो दुकान वाले हैं जो बताते हैं कि उनके पास कई कंपनियों के किट उपलब्ध हो जाएंगे, क्योंकि ये लोग इन कंपनियों से संपर्क में हैं, लेकिन ये दुकान वाले अब तक किट इसलिए नहीं मंगा रहे थे, क्योंकि अपने राज्य में पुराने वाहनों को ई-वाहन में बदलने का नियम नहीं था। लेकिन अब ऐसा नियम आ गया है तो ये दुकान वाले किट मंगाने में जुट गए हैं। कुछ दुकान वालों के पास कुछ किट उपलब्ध है। दुकान वाले बताते हैं एक्टीवा जैसे स्कूटर वाले दुपहिया वाहनों के साथ बाइक के लिए 18 से 20 हजार रुपए वाले किट हैं। इसी के साथ बैटरी के एमएच के हिसाब से पैसा लगेगा। अगर एक बार चार्ज में 80 से 120 किलो मीटर तक चलना है तो उसके लिए बैटरी पर 17 से 20 हजार खर्च करने होंगे। ऐसे में 35 से 40 हजार खर्च में दुपहिया वाहन को ई-वाहन बनाया जा सकेगा।
चारपहिया पर चार लाख खर्च
गणेश आटो के नवीन शर्मा के मुताबिक चार पहिया वाहनों को ई-वाहन में बदलने पर ज्यादा खर्च लगेगा। इसके लिए इस समय हैदराबाद, दिल्ली और देश के अन्य भी शहरों में किट बिक रहे हैं, वहां के कारोबारियों से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक पुरानी पेट्रोल कार को ई-वाहन में बदलने में शुरुआती खर्च कम से कम चार लाख रुपए लगेगा। इसमें करीब डेढ़ लाख तक की किट आएगी और बाकी खर्च बैटरी का लगेगा। जितने ज्यादा एमएच की बैटरी लगेगी, खर्च उतना ही बढ़ेगा।



