मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

जशपुर में बेटे ने मां को लकड़ी से पीट-पीटकर मार डाला: खाना नहीं मिलने पर हुआ विवाद; बीच-बचाव करने आई बहन पर भी किया हमला

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। खाना नहीं मिलने की बात पर मां से उसका विवाद हो गया।

गुस्से में उसने चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर कई वार किए। बीच-बचाव करने आई बहन को भी नहीं बख्शा और उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके की है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है।

मां के हाथ-पैर और पीठ पर किए कई वार

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात रोशन दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी ने चूल्हे के पास रखा अधजला लकड़ी का डंडा उठाया और मां के हाथ, पैर व पीठ पर कई वार कर दिए। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

बहन और छोटे भाई को भी धमकाया

मां पर हमला होते देख घर में सो रही उसकी बेटी बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद छोटे भाई को खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया और मौके से फरार हो गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान महिला की मौत

8 नवंबर की सुबह पति सुरेंद्र मिंज को घटना की जानकारी मिली। वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी रोशन मिंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button