बस्तर में 57.71 करोड़ से बनेगी जलप्रदाय योजना, हर व्यक्ति को मिलेगा 135 लीटर पानी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बस्तर में 57.71 करोड़ से बनेगी जलप्रदाय योजना, हर व्यक्ति को मिलेगा 135 लीटर पानी

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर नगर पंचायत में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 57.71 करोड़ रुपए की जलप्रदाय योजना को मंजूरी दी गई है। अमृत मिशन 2.0 के तहत बनने वाली इस योजना से शहर में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी की उपलब्धता 65 लीटर से बढ़कर 135 लीटर हो जाएगी। योजना को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) ने योजना के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इसके तहत मारकंडी नदी के चपका एनीकट से पानी लेकर शोधन संयंत्र के जरिए शहर तक पहुंचाया जाएगा। इससे घरों में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत होगी।

73 किमी पाइपलाइन, 2700 से ज्यादा नल कनेक्शन

योजना के तहत करीब 73 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 2700 से अधिक घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे। पानी की आपूर्ति के लिए 3 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र बनाया जाएगा। साथ ही 500 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार भी तैयार किया जाएगा।

मारकंडी नदी के चपका एनीकट में इंटेकवेल बनाया जाएगा। यहां से पाइपलाइन के जरिए कच्चा पानी शोधन संयंत्र तक पहुंचेगा। शुद्धिकरण के बाद इसे वितरण नेटवर्क के माध्यम से शहर के घरों तक पहुंचाया जाएगा। स्वीकृत राशि में पांच साल तक संचालन और रखरखाव का खर्च भी शामिल है।

जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि अमृत मिशन 2.0 से बस्तर की पेयजल व्यवस्था का कायाकल्प होगा। सरकार का उद्देश्य हर परिवार को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।

वहीं, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घटकों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और नियमित निगरानी करने को कहा है। योजना पूरी होने पर शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button