अर्शदीप सिंह ने 2026 में अब तक 38 विकेट लेकर बनाया नया रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला हेगले ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में दो विकेट लेने के साथ ही इतिहास रच दिया है।
अर्शदीप भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप साल 2026 में अब तक कुल 38 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 4 ओवर के स्पेल में भारतीय तेज गेंदबाज ने 33 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप ने भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड तोड़ा। भुवनेश्वर ने साल 2022 में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की ओर से 37 विकेट निकाले थे। वहीं, 2024 में अर्शदीप ने 36 विकेट चटकाए थे।
अर्शदीप ओवरऑल एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से दूसरे गेंदबाज बने हैं। उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाज वानिंदु हसरंगा के रिकॉर्ड की बराबरी की है। इस लिस्ट में अर्शदीप से आगे सिर्फ आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोश लिटिल हैं, जिन्होंने 2022 में 39 विकेट निकाले थे। अर्शदीप ने टिम सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स का बड़ा विकेट अपने नाम किया।
न्यूजीलैंड की तरफ से फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 70 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में फिलिप्स ने 4 चौके और चार छक्के लगाए। बेवन जैकब्स भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 46 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए। अपनी इस पारी में जैकब्स ने 5 चौके और एक छक्का लगाया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 76 गेंदों में 116 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके बूते टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। फिन एलन ने 16 और माइकल ब्रेसवेल ने 10 रनों का योगदान दिया। पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है।



