रेलवे के 11 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को बोनस, जानें कितना मिलेगा पैसा

नई दिल्ली | 15 अक्टूबर 2026 केंद्र सरकार ने फेस्टिव सीजन से ठीक पहले देश के 11 लाख से ज्यादा रेलवे कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रेल कर्मियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। सरकार के इस फैसले से कुल 11,40,770 गैर-राजपत्रित (नॉन-गजेटेड) रेल कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके भुगतान के लिए केंद्र सरकार ने कुल 2009.61 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।
दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले खाते में आएगी रकम
पात्र रेलवे कर्मचारियों को बोनस का भुगतान हर साल दुर्गा पूजा या दशहरा की छुट्टियों से पहले किया जाता है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब कर्मचारियों के बैंक खातों में जल्द ही बोनस की रकम ट्रांसफर की जाएगी। यह बोनस राशि ट्रैक मेंटेनेंस कर्मी, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य ग्रुप ‘C’ कर्मचारियों को दी जाएगी।
कर्मचारियों को मिलेंगे अधिकतम 17,951 रुपये
पात्र रेल कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर मिलने वाला अधिकतम बोनस 17,951 रुपये होगा। वर्तमान में वार्षिक बोनस की गणना 7,000 रुपये प्रति माह की तय वेतन सीमा के आधार पर की जाती है। इसका मतलब यह है कि जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन 7,000 रुपये से अधिक है, उनका बोनस भी इसी निर्धारित गणना सीमा के तहत ही तय होगा।
रिकॉर्ड माल ढुलाई और यात्री सेवा का मिला फल
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय रेलवे का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। इस अवधि में रेलवे ने रिकॉर्ड 1670 मिलियन टन माल ढुलाई की और लगभग 7.41 अरब यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाया। इसी बेहतरीन प्रदर्शन और वित्तीय रिकवरी को देखते हुए सरकार ने बोनस को हरी झंडी दी है। इसके अलावा, रेलवे बोर्ड ने कर्मचारियों को बोनस की पूरी या आंशिक राशि अपने स्टेट रेलवे प्रोविडेंट फंड (SRPF) खाते में स्वेच्छा से जमा करने का विकल्प भी दिया है।


