Raipur Job Fair: आईआईटी से डबल एमए तक, फिर भी नौकरी की तलाश

Raipur Job Fair: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं के जरिए 8,720 रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है। पहले दिन ही हजारों युवा नौकरी की […]
Raipur Job Fair: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं के जरिए 8,720 रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है। पहले दिन ही हजारों युवा नौकरी की तलाश में स्टेडियम पहुंचे।
रोजगार मेले में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, गुणवत्ता निरीक्षक, बिक्री अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, ग्राहक सेवा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मचारी और अप्रेंटिस समेत कई पदों पर भर्ती हो रही है। 10वीं-12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर युवा आवेदन कर सकते हैं।
तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र में 4,800 पद
कुल रिक्तियों में तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र के करीब 4,800 पद शामिल हैं। लॉजिस्टिक्स और परिवहन क्षेत्र में लगभग 1,600, सुरक्षा क्षेत्र में 650 और स्वास्थ्य एवं देखभाल सेवाओं में करीब 580 पद हैं। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी अलग-अलग योग्यता के अनुसार नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं।
डबल एमए वाले ने सुरक्षा गार्ड की नौकरी के लिए किया आवेदन
रोजगार मेले में पहुंच रहे अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। डबल एमए की डिग्री रखने वाला एक युवा सुरक्षा गार्ड की नौकरी के लिए आवेदन करने पहुंचा। वहीं एलएलबी की डिग्रीधारी युवती नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़ी नौकरी की तलाश में मेले में पहुंची।

आईआईटी और उच्च शिक्षा वाले युवा भी नौकरी की तलाश में
मेले में स्नातक और स्नातकोत्तर के साथ आईआईटी की पढ़ाई कर चुके युवा भी रोजगार की तलाश में पहुंचे। एक युवा ने सोशल मीडिया मार्केटिंग के पद के लिए आवेदन किया। इससे रोजगार के मौजूदा बाजार में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के सामने उपलब्ध अवसरों और नौकरी की जरूरत के बीच का अंतर भी सामने आता है।
बेंगलुरु में ड्राइवर की नौकरी के लिए भी भर्ती
रोजगार मेले में सिर्फ तकनीकी और कार्यालयीन पद ही नहीं हैं। बेंगलुरु में ड्राइवर के पद के लिए भी भर्ती की जा रही है। यानी मेले में अनपढ़ से लेकर उच्च डिग्रीधारी युवाओं तक के लिए अलग-अलग तरह के रोजगार विकल्प उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर रहे हैं।

इन कंपनियों में भी रिक्तियां
राज्यस्तरीय रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट समेत कई कंपनियां भर्ती के लिए पहुंची हैं।
8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिए जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में कार्यक्रम प्रस्तावित है। विभाग की ओर से अन्य कंपनियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।


