मैड संधू की हत्या से पंजाब में सनसनी

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पंजाबी फिल्मों के अभिनेता मधुसूदन उर्फ मैड संधू की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात थाना कैंटोनमेंट के तहत आने वाले लोहारका रोड इलाके में घटी। यहां बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू पर गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात शाम करीब 6:00 बजे की है। मैड संधू ड्रीम सिटी कॉलोनी स्थित अपने किराए के आवास के बाहर सड़क पर किसी काम से निकले थे। बाइक सवार हमलावर पहले से ही वहां घात लगाकर बैठे थे। मैड संधू के बाहर आते ही हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देकर बाइक से मौके से फरार हो गए।
कपड़ों और कंटेंट को लेकर मिल रही थी जान से मारने की धमकी
जांच में सामने आया है कि मैड संधू को पिछले कुछ समय से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। आरोप है कि कुछ गरम ख्याली सोशल मीडिया हैंडल्स उन्हें लचर फैलाने, उनके पहनावे और कंटेंट को लेकर धमकियां दे रहे थे। मैड संधू पेशे से सैलून चलाने के साथ-साथ अपना सोशल मीडिया हैंडल ऑपरेट करते थे और कुछ पंजाबी फिल्मों में अभिनय भी कर चुके थे। वे घर में अपनी वृद्ध मां और एक भाई के साथ रहते थे।
नाकाबंदी के बाद भी फरार हमलावर, पुलिस को मिले सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एडीसीपी श्री वेनिला ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि वारदात लोहारका रोड पर घटी है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर में सख्त नाकाबंदी कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक हमलावरों के खिलाफ कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, वारदात के तुरंत बाद दोनों आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।



