खिलौना चोरी का आरोप लगाकर बच्चों से दरिंदगी: मेले में कपड़े उतरवाकर किया अप्राकृतिक यौन कृत्य; पुलिस ने किया गिरफ्तार

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में मेले के दौरान दो नाबालिग बच्चों के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि खिलौने की दुकान लगाने वाले गोवर्धन वर्मा ने बच्चों पर खिलौने चोरी करने का आरोप लगाया।
इसके बाद उन्हें बेल्ट से पीटा, गाली-गलौज की और खुद को ‘भाटापारा का दादा’ बताकर धमकाया। आरोप है कि इसके बाद उसने दोनों बच्चों के साथ जबरन अप्राकृतिक यौन कृत्य किया। घटना का वीडियो भी बनवाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खिलौने चोरी करने का लगाया आरोप
पुलिस के मुताबिक भाटापारा के महारानी चौक में मेला लगा हुआ था। यहां गोवर्धन वर्मा ने खिलौने की दुकान लगाई थी। 28 अगस्त को उसने दो नाबालिग बच्चों पर दुकान से खिलौने चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद बच्चों को पकड़कर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
आरोप है कि बच्चों को डराने-धमकाने के बाद आरोपी ने मेले में मौजूद लोगों के सामने उनका शोषण किया। इस दौरान दोनों बच्चे काफी डरे हुए थे।
आरोपी के कहने पर बनाया गया VIDEO
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना का वीडियो आरोपी के कहने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बनाया था। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने पीड़ित बच्चों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए। वीडियो और बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान गोवर्धन वर्मा के रूप में हुई।
POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई
भाटापारा शहर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने नाबालिग बच्चों के साथ यौन अपराध के आरोप में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
घटना का वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SDOP बोले- मामला गंभीर, जांच जारी
भाटापारा SDOP तारेश साहू ने बताया कि मामला गंभीर है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।



