साय कैबिनेट की अहम बैठक कल: ट्रांसफर पॉलिसी और कैशलेस योजना पर हो सकता है बड़ा फैसला - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

साय कैबिनेट की अहम बैठक कल: ट्रांसफर पॉलिसी और कैशलेस योजना पर हो सकता है बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होने जा रही है। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खास बात यह है कि राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े प्रस्तावों पर भी सरकार फैसला ले सकती है।

कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा को मिल सकती है मंजूरी

सूत्रों के अनुसार सरकार लंबे समय से प्रस्तावित कैशलेस चिकित्सा योजना को हरी झंडी दे सकती है। इस योजना के लागू होने पर राज्य के पांच लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को सीधा लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को इलाज के दौरान पहले भुगतान करने की आवश्यकता नहीं होगी और सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे चिकित्सा खर्च को लेकर कर्मचारियों की परेशानियां काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

तबादला नीति पर भी बन सकता है सहमति

कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर पॉलिसी भी चर्चा का प्रमुख विषय रह सकती है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से तबादला नीति का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर सरकार की ओर से लिया गया निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विकास और जनकल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर मंथन

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रस्तावों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से संबंधित योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। सरकार अपनी प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का आकलन करने के साथ कुछ नए प्रस्तावों को भी मंजूरी दे सकती है।

कर्मचारियों की बढ़ी उत्सुकता

कैशलेस मेडिकल योजना और नई ट्रांसफर नीति को लेकर सरकारी कर्मचारियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। राज्यभर के कर्मचारी और अधिकारी कैबिनेट बैठक के फैसलों पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी को उम्मीद है कि सरकार कर्मचारियों के हित में कुछ बड़े और राहत देने वाले निर्णय ले सकती है।

Related Articles

Back to top button