मई-जून में सेना के शीर्ष पदों पर हो सकता है बड़ा फेरबदल, CDS समेत तीनों सेनाओं में बदलेंगे प्रमुख चेहरे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

मई-जून में सेना के शीर्ष पदों पर हो सकता है बड़ा फेरबदल, CDS समेत तीनों सेनाओं में बदलेंगे प्रमुख चेहरे

देश के सैन्य नेतृत्व (Military Leadership) में आने वाले महीनों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। अगले तीन महीनों के भीतर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), सेना प्रमुख, नौसेना प्रमुख (Chief of Naval Staff) और डीआरडीओ प्रमुख (DRDO Chief) जैसे अहम पदों पर नए चेहरे देखने को मिलेंगे। इस बदलाव की शुरुआत नए CDS की नियुक्ति से होगी।

मौजूदा CDS, जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। वे देश के दूसरे CDS हैं और करीब चार साल से इस पद पर कार्यरत हैं। सरकार अप्रैल के अंत तक नए CDS के नाम पर अंतिम फैसला ले सकती है।

इसी क्रम में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भी मई के अंत में 62 वर्ष की आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वहीं, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को रिटायर होंगे, जब वे अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष पूरी कर लेंगे।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के अध्यक्ष डॉ. समीर कामत का कार्यकाल भी 31 मई को समाप्त होने जा रहा है। हालांकि वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह अभी अपने पदों पर बने रहेंगे, क्योंकि उनका कार्यकाल इस साल अक्टूबर तक है।

नए CDS के चयन को लेकर सरकार ने पात्रता नियमों में बदलाव किया है। अब तीनों सेनाओं के थ्री-स्टार रैंक के वे अधिकारी (लेफ्टिनेंट जनरल, एयर मार्शल और वाइस एडमिरल), जो वर्तमान में सेवा में हैं या पिछले दो वर्षों में सेवानिवृत्त हुए हैं, इस पद के लिए पात्र होंगे। हालांकि चयन के समय उनकी आयु 62 वर्ष से कम होना अनिवार्य है।

सरकार के पास करीब 150 से अधिक योग्य अधिकारियों का विकल्प मौजूद है, जिनमें से नए CDS का चयन किया जाएगा। संभावना है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति अप्रैल के अंत तक इस पर अंतिम मुहर लगा देगी।

Related Articles

Back to top button