बड़े शहरों में जमा लीगेसी वेस्ट के खिलाफ सरकार सख्त: मनोहर लाल

नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को बड़े-बड़े शहरों में जमा लीगेसी वेस्ट को निस्तारित करने के लिए अगले एक साल के लिए स्पेशल ‘एक्सलरेटेड डंप साइट रिमेडिएश प्रोग्राम’ शुरू करने की घोषणा की। दिल्ली के विज्ञान भवन में 9वें स्वच्छ सर्वेक्षण कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि यह लीगेसी वेस्ट हटाने का कार्यक्रम इसी साल स्वतंत्रता दिवस से शुरू होगा।
इसके माध्यम से कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को तेज करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, सरकार सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट्स स्थापित करने के लिए नगर निकायों को प्रोत्साहन भी देगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि इस समय देश के 80 प्रतिशत ठोस कचरे का प्रसंस्करण हो रहा है और 98 प्रतिशत घरों तक डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है।
आज भारत में कई शहर 5 और 7 स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग प्राप्त कर चुके हैं। हाल के वर्षों में निर्माण और विध्वंस कचरे को सीमेंट की ईंटों, उपयोग किए गए पानी को सीवेज ट्रीटमेंट के बाद कृषि और उद्योगों में, और सामान्य कचरे को कंपोस्ट खाद तथा बायोगैस उत्पादन में बदला जा रहा है। भारत अब लीनियर इकोनॉमी से आगे बढ़कर सर्कुलर इकोनॉमी की ओर तेजी से अग्रसर है, जहां वेस्ट को बेस्ट में बदला जा रहा है।



