लोकसभा अध्यक्ष ने योग दिवस पर योग सत्र का किया नेतृत्व - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

लोकसभा अध्यक्ष ने योग दिवस पर योग सत्र का किया नेतृत्व

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसर में आयोजित योग सत्र का नेतृत्व किया। इस अवसर पर सांसदों, पूर्व सांसदों, लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने सामूहिक योग अभ्यास (कॉमन योग प्रोटोकॉल) में भाग लिया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य समरसता स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग से व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मबल और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में संतुलन और सफलता की ओर ले जाती है। 

बिरला ने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह आत्मविश्वास, धैर्य, मानसिक स्पष्टता और जीवन के उद्देश्य को समझने में सहायक बनता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व भर में योग दिवस को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है और करोड़ों लोग इस प्राचीन भारतीय परंपरा को अपना कर सकारात्मक परिवर्तन का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दुनियाभर में वैज्ञानिक अध्ययनों और शोधों के माध्यम से योग के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को मान्यता मिली है। योग तनाव प्रबंधन, कार्यकुशलता और ध्यान क्षमता को बढ़ाने के साथ ही एक संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करता है।

Related Articles

Back to top button