विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व का ऐतिहासिक मुरिया दरबार संपन्न, CM साय ने की प्रमुख घोषणाएं

रायपुर, 15 अक्टूबर 2024 – विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार का सफल आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर दशहरा को हमारी समृद्ध संस्कृति और आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व बस्तरवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है और अब यह वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। बस्तर दशहरा की लोकप्रियता बढ़ने से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय लोगों की आय को भी बल मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुरिया दरबार में 50 लाख रुपए की घोषणा की, जो माडिया सराय में विकास कार्यों के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने मांझी-चालकी और मेम्बर-मेंबरीन के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए प्रशासन और बस्तर दशहरा समिति से प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बस्तर दशहरा: समृद्ध संस्कृति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने मुरिया दरबार में कहा कि यह आयोजन सदियों से हो रहा है और यह पर्व बस्तर की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने दशराहा पसरा को 3 करोड़ रुपए की लागत से विकसित करने के प्रयासों की सराहना की और बताया कि बस्तर दशहरा पर्व के लिए बजट को 50 लाख रुपए तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बस्तर दशहरा समिति के पदाधिकारियों और मांझी-चालकी की मांगों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रमुख घोषणाएं और सम्मान
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बस्तर विकास प्राधिकरण के पुरखती कागजात का अंग्रेजी संस्करण भी जारी किया। साथ ही, मुरिया दरबार में आए सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी की सहभागिता से यह पर्व और भव्य रूप लेता जा रहा है। इसके अलावा, मांझी-चालकी और मेम्बर-मेंबरीन को मोबाइल भी भेंट किए गए।
इस कार्यक्रम में बस्तर अंचल के मंत्री, सांसद, विधायक और बस्तर राज परिवार के सदस्य शामिल हुए। माटी पुजारी कमलचन्द्र भंजदेव ने बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और इसे सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण बताया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा देवी-देवताओं और ग्रामीणों के ठहरने के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
भविष्य की योजनाएं
बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण मांझी ने कहा कि इस वर्ष का आयोजन सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, और अगले साल इसे और अधिक भव्यता के साथ मनाने की योजना है।
इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और विधायक किरणदेव ने भी बस्तरवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।