मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

भाजपा के 155 कैंडिडेट्स की लिस्ट तय-मोदी वाराणसी, गांधीनगर से शाह, ग्वालियर से सिंधिया, भोपाल से शिवराज को उतारने की तैयारी

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आज देर रात तक जारी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित करीब 155 लोगों के नाम शामिल होने की चर्चा है। पीएम मोदी को वाराणसी, अमित शाह को गांधीनगर, राजनाथ सिंह को लखनऊ, स्मृति ईरानी को अमेठी, धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया को ग्वालियर या गुना-शिवपुरी, शिवराज सिंह चौहान को भोपाल या विदिशा और संबित पात्रा को ओडिशा के पुरी से टिकट दिया जा सकता है। इनके अलावा भिवानी बल्लभगढ़ से भूपेंद्र यादव, डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, राजौरी-अनंतनाग से रविंद्र रैना, कोटा से ओम बिड़ला, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से मनोज तिवारी, पश्चिमी दिल्ली से परवेश वर्मा और आसनसोल से टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह को चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। दिल्ली में गुरुवार (29 फरवरी) को भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक हुई थी। इसमें 17 राज्यों की 155 लोकसभा सीटों पर देर रात 11 बजे से 3.15 तक, करीब 4 घंटे तक मंथन हुआ। इस बैठक में पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह के अलावा बीजेपी शासित राज्यों के सीएम भी मौजूद रहे।

राज्यवार भाजपा और सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला…

भाजपा सूत्रों की मानें तो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और सागर में मौजूदा सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं। यहां नए चेहरे होंगे। भाजपा ने इस साल विधानसभा चुनाव में 3 केंद्रीय मंत्री, 5 सांसद और राष्ट्रीय महासचिव को उतारा था। इसी तर्ज पर लोकसभा चुनाव में भी दिग्गजों को उतारा जा सकता है। पार्टी का मानना है कि इससे जीत का अंतर बढ़ेगा। इस रणनीति के तहत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ग्वालियर, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को भोपाल, 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव को सागर से टिकट दिया जा सकता है। वहीं, जबलपुर और इंदौर में चौंकाने वाले चेहरे सामने आ सकते हैं। उम्मीदवारों की पहली सूची में मध्य प्रदेश की 12 से 15 सीटें घोषित हो सकती हैं।

छत्तीसगढ़- दुर्ग से विजय बघेल और कोरबा से सरोज पांडे का नाम फाइनल

भाजपा अध्यक्ष किरणदेव ने कहा कि लोकसभा में नामों पर चर्चा हुई है। सूत्र बता रहे हैं कि दुर्ग से विजय बघेल और कोरबा से चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत के खिलाफ सरोज पांडे चुनाव लड़ सकती हैं। सरोज पांडेय का राज्यसभा का कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ है। विजय बघेल अभी दुर्ग से सांसद हैं। सरगुजा से कमलभान सिंह, रामसेवक पैकरा, विजय नाथ सिंह, रामकिसुन सिंह का नाम है, जबकि रायगढ़ से आरपी साय, सुषमा खलको, गेंदलाल कंवर व रजनी राठिया का नाम है। जांजगीर से गुरुदयाल पाटले, कमलेश जांगड़े, वेदराम मनहरे, गुहाराम अजगले, विकास महतो, बिलासपुर से अमर अग्रवाल, रजनीश सिंह, लखनलाल साहू का नाम चर्चा में है। रायपुर से लक्ष्मी वर्मा, संजय श्रीवास्तव, केदारनाथ गुप्ता दावेदार हैं। वहीं महासमुंद से चंदूलाल साहू व चुन्नीलाल साहू प्रबल दावेदार हैं। कांकेर से भोजराज नाग, विकास मरकाम, या मोहन मंडावी और बस्तर से रूपसिंह मंडावी, सुभाऊराम कश्यप या महेश गागड़ा को मौका मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश- सहयोगी दलों के लिए 6 सीट छोड़ सकती है भाजपा

राज्य में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपना दल, आरएलडी और अन्य पार्टियों को 6 सीटें दे सकती है। अपना दल को मिर्जापुर और रॉबट्र्सगंज, जबकि आरएलडी को बिजनौर, बागपत सीट मिल सकती हैं। इसके अलावा ओपी राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को घोसी और संजय निषाद की निषाद पार्टी को खलीलाबाद सीट मिल सकती है।

संभावना- 2019 से 33 प्रतिशत ज्यादा महिला प्रत्याशी होंगी

इस बार भाजपा लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। बुधवार (28 फरवरी) को पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक में इस पर भी सहमति बनी। बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी सहित रिकॉर्ड संख्या में महिलाओं को कहां से उतारा जाए, इस पर भी मंथन हुआ। एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या पिछली बार से 33 प्रतिशत ज्यादा होगी। 2019 में 53 महिलाएं भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतरी थीं। 33प्रतिशत ज्यादा के हिसाब से 70 महिलाओं को टिकट मिल सकता है। इससे पहले कोर ग्रुप की बैठक में 23 राज्यों के संभावित प्रत्याशियों की सूची रखी गई। नए चेहरों पर भी चर्चा हुई। 10 मार्च तक 50 प्रतिशत सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान की योजना

सूत्रों की मानें तो भाजपा 10 मार्च तक 50 फीसदी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है। 2019 के चुनाव में भी पार्टी ने यही किया था। पिछली बार लोकसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा से कुछ हफ्ते पहले भाजपा ने 21 मार्च को 164 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया था।

Related Articles

Back to top button