पायलट बोले- चुनाव जीतने मुद्दों से ध्यान भटकाती है बीजेपी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

पायलट बोले- चुनाव जीतने मुद्दों से ध्यान भटकाती है बीजेपी

रायपुर में कांग्रेस प्रभारी ने कहा- नेताओं में मनभेद नहीं, लोकसभा में बेहतर प्रदर्शन करेंगे

रायपुर, एजेंसी। रायपुर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पहले से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। कमियों को पूरा किया जाएगा। पार्टी में अंतर्कलह नहीं है। नेताओं में मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं है। 10 साल की बीजेपी की सरकार केंद्र में है, उसके रिपोर्ट कार्ड के आधार पर और उनके परफॉर्मेंस को लेकर जनता के बीच जाएंगे। राजीव भवन में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के बाद पायलट ने कहा कि आज जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाना चाहती है, वह सारे मुद्दे प्रासंगिक हैं। इनमें किसानों, दलितों, आदिवासियों, नौजवानों, मध्यम वर्ग, महिलाओं, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे हैं। बीजेपी हर बार इन मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम करती है।

बीजेपी को मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए

राम मंदिर को लेकर हो रही राजनीति पर सचिन पायलट ने कहा कि बीजेपी को मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। बिजली, पानी, रोजगार, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा इस पर चर्चा नहीं करते हैं। आज जो खाई बढ़ गई है अमीर गरीब की वह पहले कभी देखी नहीं है। जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब 14 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए थे। आज खाई बन गई है गरीबों की वह अकल्पनीय है। गांव और शहर की दूरियां बढ़ गई हैं, महंगाई बढ़ गई है। पेट्रोल-डीजल, सिलेंडर की कीमत बढ़ी है।

नोटबंदी और जीएसटी से जेबों पर डाका डाला

उन्होंने कहा कि बीजेपी असल मुद्दों पर बात नहीं करती, बल्कि ऐसे मुद्दों से बचने के लिए नोटबंदी और जीएसटी लाती है ताकी लोगों की जेबों पर डाका डाला जा सके। जनता अपने भाव में बह जाए या भावना में बहकर वोट डाले, यह कब तक चलेगा।

मुद्दों से भटकाने भावनाओं पर चुनाव लड़ रही बीजेपी

मध्यम वर्ग का व्यक्ति सोचता है कि पढऩे के बाद नौकरी करूंगा लेकिन नौकरी कहां है। बीजेपी ने दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। विदेश से पैसा वापस लेकर आएंगे कहा था, वह कहां है। बीजेपी को चुनाव लडऩा है तो परफॉर्मेंस पर, गवर्नेंस पर, रिपोर्ट कार्ड पर चुनाव लड़े। पायलट ने कहा कि बीजेपी ध्यान भटकाकर, भावनात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि जरूरी ये है कि लड़ाई जनता के लिए हो। ऐसा इस बार नहीं होगा।

नौजवान ठगा हुआ महसूस कर रहा है

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा बेरोजगारी देश में आज है। नौजवान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश भर में जो माहौल बना है 10 सालों में उसे जनता के बीच लेकर जाएंगे।

केंद्र का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच लेकर जाएंगे

उन्होंने कहा कि देश का मतदाता बहुत समझदार और संवेदनशील है। जनता रिपोर्ट कार्ड देखकर केंद्र सरकार का आंकलन करेगी। लोग कांग्रेस की सरकार 10 साल पहले रही सरकार की तुलना कर वोट देंगे। हमें पूरा विश्वास है कि हम लोग अच्छा परफॉर्मेंस करेंगे।

संगठन में बदलाव एक प्रक्रिया है

पायलट ने संगठन में बदलाव को लेकर कहा कि संगठन में जहां कमियां हैं, जहां पद खाली है वहां बदलाव करेंगे जो एक प्रक्रिया है। संभाग, जिले में क्षेत्र की जनता तक जाएंगे। कांग्रेस पार्टी का मैसेज और संदेश कार्यकर्ताओं के जरिए जनता तक पहुंचाएंगे।

बीजेपी को हमने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक में हराया

विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद लोकसभा में जीत कैसे होगी के सवाल पर पायलट ने कहा कि हम हिमाचल और कर्नाटक में बीजेपी को हरा चुके हैं। छत्तीसगढ़ के लोग संवेदनशील और समझदार हैं, सब जानते हैं।हमारी सरकार 5 साल रही, जो पॉलिसी बनाई, जो योजनाएं बनाई गईं उन्हें पसंद किया गया।

कांग्रेस नेताओं के बीच मनभेद नहीं है

कांग्रेस में अंतर्कलह को लेकर पायलट ने कहा कि हर दल, हर परिवार में किसी मुद्दे पर मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद कहीं नहीं है। सभी नेताओं से निजी संपर्क में हूं। कैसे एक टता के साथ आगे बढ़ें और चुनाव जीतें इसे लेकर चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button