मंत्रियों के नाम अब तक तय नहीं, साय कैबिनेट का विस्तार विस सत्र के बाद कभी भी

रायपुर. छत्तीसगढ़ में प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रियों के नाम अब तय तय नहीं हाे सके हैं। ऐसे में अब यह तय हो गया है कि कैबिनेट का विस्तार और मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण विधानसभा सत्र के बाद ही होगा। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह कहा है कि मंत्रिमंडल का गठन जल्द होगा, लेकिन उन्होंने भी इसकी कोई तिथि नहीं बताई है। लेकिन इतना जरूर कहा है कि मंत्रिमंडल में नए और पुराने दाेनाें चेहरे रहेंगे।
साय सरकार के मंत्रिमंडल के गठन को लेकर दाे दिन पहले दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्रियों अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की बैठक हुई। बैठक के बाद कल सुबह को दिल्ली से मुख्यमंत्री श्री साय लौटे तो उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, दिल्ली में श्री नड्डा और श्री शाह के साथ बैठक हुई है। जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। इसी के साथ जब उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में नए और पुराने चेहरे रहेंगे तो यह बात भी साफ हाे गई है कि महज नए चेहराें काे ही मौका नहीं मिलेगा बल्कि कुछ पुराने चेहराें काे भी मंत्री पद से नवाजा जाएगा।
शपथ ग्रहण का हल्ला
कल शाम से ही साय मंत्रिमंडल के मंगलवार को शपथ ग्रहण को लेकर हल्ला होना प्रारंभ हुआ। इंडोर स्टेडियम में इसको लेकर तैयारी की बात भी सामने आई। इंडोर में तैयारी तो चल रही है, लेकिन यहां पर शपथ ग्रहण कब होगा इसको लेकर किसी के पास कोई जानकारी नहीं है। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि टेंट वाले को एक-दो दिन बाद तैयारी करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने पहले ही तैयारी प्रारंभ कर दी, इसके कारण यह खबर फैली कि शपथ ग्रहण कल होने वाला है।
साव बोले-जल्द देंगे जानकारी
उपमुख्यमंत्री अरुण साव मीडिया के सवाल के जवाब में कहा, दिल्ली में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर बैठक हुई। मंत्रिमंडल का गठन जल्द होगा। उन्होंने मंगलवार को शपथ ग्रहण के सवाल पर कहा, जब भी शपथ ग्रहण का कार्यक्रम होगा, जानकारी दी जाएगी।
सत्र के बाद ही शपथ
भाजपा के भरोसेमंद सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक साय कैबिनेट का विस्तार 21 दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा सत्र के बाद ही होगा। अभी मंत्रियों के नाम फाइनल नहीं हो सके हैं। कल भी दिल्ली में श्री नड्डा और श्री शाह के बीच मंत्रिमंडल को लेकर बैठक होने की बात सामने आई है। एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि विस सत्र के बाद दूसरे दिन श्री साय एक बार फिर से दिल्ली जा सकते हैं।ऐसा होने पर मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण 23 दिसंबर या इसके बाद कभी भी हाे सकता है।