मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

भारतीय हॉकी टीम ने जीता पुरूष हॉकी 5 एशिया कप


सालालाह । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक रोमांचक शूटआउट मुकाबले में पाकिस्तान को 2-0 से हराकर पहला पुरूष हॉकी 5 एशिया कप टूर्नामेंट जीता है। इस मैच में तय समय तक दोनो ही टीमें 4-4 से बराबरी पर थी पर शूटआउट में भारत ने बाजी मार ली। इस जीत के साथ ही भारत ने एफआईएच पुरूष हॉकी 5 विश्व कप 2024 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने शुरुआत के 7 वें जबकि मनिंदर सिंह ने 10वां मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलायी। इसके बाद मोहम्मद राहील ने 19वें और 26वें मिनट में दो गोल किये। गुरजोत सिंह और मनिंदर सिंह ने शूटआउट में गोल दागे।

वहीं पाक की ओर से अब्दुल रहमान ने पांचवे और कप्तान अब्दुल राणा ने 13वें जबकि जिकरिया हयात ने 14 वें मिनट में एक गोल दागा। अरशद लियाकत ने 19 वें मिनट में एक गोल किया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 10-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। इस जीत से भारतीय टीम का एशियाई खेलों के लिए मनोबल बढ़ा है।

भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में दबदबा रहा और उसने 7 मैचों में सबसे अधिक कुल 87 गोल कर एक रिकार्ड बनाया है।  वहीं पाक ने 7 मैचों में 71 गोल जबकि ओमान ने 9 मैचों में 38 गोल किये।

Related Articles

Back to top button