हर मतदाता से वन टू वन कर रही भाजपा  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

हर मतदाता से वन टू वन कर रही भाजपा 

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव काे जीतने के लिए भाजपा ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हर मतदाता से वन-टू-वन बात करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता मतदाताओं के घरों तक पहुंचने लगे हैं। इसके लिए भाजपा दस लाख कार्यकर्ताओं को झाेंक रही है। प्रदेश में एक करोड़ 92 लाख 56 हजार मतदाता हैं। 20 मतदाताओं के पीछे एक कार्यकर्ता रहेगा। हर बूथ में 30 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम काम करेगी। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ हैं। इसमें से 90 फीसदी में पन्ना और पेज प्रभारी बना दिए गए हैं और उनको काम पर भी लगा दिया गया है। जहां पन्ना और पेज प्रभारी नहीं बने हैं, वहां इस माह में हर हाल में बन जाएंगे।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। अब तो यहां पर चुनावी की कमान संभालने का काम केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कर लिया है। श्री शाह की अगुवाई में ही गुजरात में बूथों पर फोकस करके चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत प्राप्त की थी। अब ठीक उसी तरह की जीत की रणनीति छत्तीसगढ़ में भी बनाई गई है।
हर बूथ के लिए रणनीति
अमित शाह के निर्देश पर प्रदेश भाजपा संगठन ने हर बूथ के लिए रणनीति बनाई है। इसके तहत सबसे अहम यह है कि हर बूथ के जितने भी मतदाता हैं, उन तक पहुंचना है। इसके लिए जो रणनीति बनाई गई है, उसमें तय किया गया है कि हर बूथ में आठ सौ से 12 सौ तक मतदाता होते हैं। हर बूथ में आगे और पीछे के पेज को मिलाकर 60 मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर बूथ में 13 से 20 पेज तक होते हैं। हर पेज के लिए, जिसमें 60 मतदाता हैं, भाजपा ने एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखने का काम किया है।
हर मतदाता के घर पर दस्तक

हर पेज के लिए जो तीन कार्यकर्ता नियुक्ति किए गए हैं, वे सभी मतदाताओं के घरों तक जा रहे हैं। एक-एक कार्यकर्ता को 20-20 मतदाताओं के घरों तक जाने का जिम्मा दिया गया है। कार्यकर्ता मतदाताओं से वन-टू-वन बात करके हर मतदाता की समस्या जानकर उनकी समस्या का निराकरण करने का काम कर रहे हैं। हर मतदाता को भाजपा के बारे में बताने के साथ, यह बताया जा रहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार क्या-क्या कर रही है और जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उसने क्या किया था और अब कांग्रेस की सरकार ने किस तरह से वादाखिलाफी करने का काम किया है। कांग्रेस की नाकामियों को भी मतदाताओं को बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button