शेयर बाजार में चार दिन रही तेजी, इन मशहूर कंपनियों को हुआ मुनाफा

मुंबई: बीते सप्ताह शेयर बाजार में चार दिन तेजी जबकि एक दिन गिरावट रही। विश्व बाजार की तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर रिलायंस, टाटा स्टील और आईसीआईआई बैंक समेत आठ कंपनियों में 3.78 प्रतिशत तक की बढ़त को बदौलत सोमवार को सेंसेक्स 63.72 अंक चढ़कर 65,344.17 अंक और निफ्टी 24.10 अंक बढ़कर 19,355.90 अंक पर रहा। एशियाई बाजारों के सकारात्मक रुझान से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर सीडी, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल्स और दूरसंचार समेत चौदह समूहों में हुई लिवाली की बदौलत मंगलवार को सेंसेक्स 273.67 अंक की छलांग लगाकर 65,617.84 अंक और निफ्टी 83.50 अंक उछलकर 19,439.40 अंक पर पहुंच गया।
वैश्विक बाजार में आई तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि और तिमाही परिणाम मजबूत रहने से टीसीएस समेत तेरह कंपनियों में हुई दमदार लिवाली की बदौलत गुरुवार को सेंसेक्स 164.99 अंक की तेजी लेकर 65,558.89 अंक और निफ्टी 29.45 अंक चढ़कर 19,413.75 अंक पर पहुंच गया।वहीं, वैश्विक बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर ऊंचे भाव पर हुई मुनाफावसूली के दबाव में बुधवार को सेंसेक्स 223.94 अंक लुढ़ककर 65,393.90 अंक और निफ्टी 55.10 अंक फिसलकर 19,384.30 अंक पर आ गया। अमेरिकी फेड रिजर्व के ब्याज दर में बढ़ोतरी के सिलसिले को विराम देने की उम्मीद में स्थानीय स्तर पर आईटी और टेक समेत 16 समूहों में आई 4.30 प्रतिशत तक की तेजी की बदौलत शुक्रवार को सेंसेक्स 502.01 अंक की छलांग लगाकर 66,060.90 अंक और निफ्टी 150.75 अंक चढ़कर 19,564.50 अंक पर रहा।



