निवेश में सोना ही देता है सबसे ज्यादा रिटर्न

रायपुर(realtimes) अगर आपके पास पैसा है और आप उसे निवेश करके ज्यादा फायदा कमाना चाहते हैं ताे हम आपकाे बताते हैं कि आपको सबसे ज्यादा फायदा कहां हाे सकता है। आम आदमी अपनी बचत में से निवेश के लिए कई तरह के तरीके अपनाता है। लेकिन निवेश में सबसे ज्यादा फायदा कहां है इसकी जानकारी कम लोगों को रहती है, इसलिए लोग जहां की जानकारी मिलती है, वहां पर निवेश कर देते हैं। लेकिन जानकार सबसे ज्यादा निवेश सोने में करते हैं। सोना ही निवेश के लिए सबसे खरा है। इसमें सबसे ज्यादा रिटर्न मिलता है। जिस तरह से सोने की कीमत में पिछले एक साल से तेजी देखी जा रही है, उससे साफ है कि इसमें निवेश करने वालों की चांदी होती है। पिछले एक साल में सोने की कीमत में 13 हजार का इजाफा हुआ है। यानी करीब 25 फीसदी रिटर्न मिला है। इसके मुकाबले पिछले एक साल के दूसरे रिटर्न देखें तो इक्विटी ने 15 फीसदी, लिक्विड फंड ने 6.07 फीसदी और एफडी ने 5.30 फीसदी का रिटर्न दिया है। प्रॉपर्टी में 12 से 15 फीसदी रिटर्न मिलता है।
देश के साथ प्रदेश भर में निवेश की बात करें तो निवेश के लिए ज्यादातर लोग सोने को ही ज्यादा बेहतर मानते हैं। इसके पीछे का कारण यह है कि सोने की कीमत पिछले कुछ सालों से लगातार आसमान पर जा रही है। ऐसा बहुत कम होता है कि कीमत में कमी आती है। ताजा उदाहरण ही ले लें। सोना पहली बार मई में रिकाॅर्ड 63 हजार के करीब पहुंच गया था। लेकिन इसकी कीमत में कमी आई तो अब यह 60500 हो गया है। एक माह में कीमत ढाई हजार कम हुई है।
सात माह में सोना 13 हजार हुआ था महंगा
इसके पहले सोने की कीमत करीब सात माह में 12 हजार नौ सौ रुपए बढ़ी थी। पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो मई में 62 हजार 900 रुपए हो गई थी। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आस-पास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा होने से पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और इसके बाद सोना 63 हजारी की राह पर चला लेकिन 63 हजार बनने से पहले ही सोना वापस अब 60 हजारी के रास्ते पर है। सोने की कीमत में जब भी कमी आती है इसमें निवेश करने वाले टूट पड़ते हैं।
प्रॉपर्टी में फायदे का सौदा
सोने के बाद निवेश के लिए लोग प्राॅपर्टी को सबसे अच्छा मानते हैं। रियल एस्टेट में बने मकानों की कीमत तो साल भर में करीब 12 से 15 फीसदी तक बढ़ती है, लेकिन प्लाॅट की कीमत में ज्यादा इजाफा होता है। बिल्डर शैलेश वर्मा के मुताबिक प्लाॅट की कीमत हर हाल 20 फीसदी तक बढ़ जाती है। यही वजह है कि लोग निवेश प्लाॅट में ज्यादा करते हैं।
शेयर बाजार ज्यादा भरोसेमंद नहीं
शेयर बाजार में भी यूं तो फायदा होता है, लेकिन यह ज्यादा भरोसेमंद नहीं है। जानकाराें के मुताबिक पिछले तीन सालों में इसमें करीब 25 फीसदी तक का रिटर्न मिला है, लेकिन पिछले साल की बात करें तो इसका प्रतिशत 15 रहा है। इसके अलावा एफडी की बात करें तो अब इसके ब्याज में इजाफा हुआ है। पहले इसमें रिर्टन 5.5 से छह फीसदी ही था। अब यह सात फीसदी से ज्यादा हो गया है, लेकिन सोने के मुकाबले में कोई भी सेक्टर बेहतर नहीं है।



