साव बोले- शराब से लूट के आखिर कितने तरीके कांग्रेस सरकार ने किए हैं ईजाद - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

साव बोले- शराब से लूट के आखिर कितने तरीके कांग्रेस सरकार ने किए हैं ईजाद

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने कहा, दो हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले को अंजाम देने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने केवल नकली होलोग्राम के जरिए नकली और जहरीली शराब के गोरखधंधे को ही संरक्षण नहीं दिया, अपितु शराब की बोतलों की निर्धारित कीमत से ज्यादा कीमत वसूल करके भी अवैध कमाई की। श्री साव ने सवाल किया, शराब से लूट के आखिर कितने तरीके कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार ने ईजाद किए हैं। 

श्री साव ने कहा कि पूर्ण शराबबंदी के मुद्दे पर वादाखिलाफी के बाद अब प्रदेश सरकार के घोटालों और भ्रष्टाचार की परतें खुलती जा रही हैं। शराब के कारोबार में अब जिस नए घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है, वह प्रदेश सरकार के माथे पर कलंक है। श्री साव ने कहा, शराब की बोतल के ऊपरी कवर पर छपे एमआरपी रेट के ऊपर कीमत बढ़ाकर एक और स्टिकर लगाया जा रहा है और ग्राहकों से बढ़ाए गए रेट के आधार पर राशि ली जा रही है। कदम-कदम पर धोखाधड़ी करके प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसी को भी नहीं छोड़ा।

श्री साव ने कहा, शराब को लेकर प्रदेश सरकार कदम-कदम पर प्रदेश को झूठ परोस रही है। ईडी की जांच  में दो हजार करोड़ रुपए के घोटाले का पर्दाफाश होने के बाद अब ग्राहकों से इस तरह की धोखाधड़ी ने प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। श्री साव ने कहा, घोटालों में आकंठ डूबी प्रदेश सरकार के मुखिया भूपेश बघेल जिस तरह केन्द्रीय जांच एजेंसियों पर बौखला रहे हैं, उससे यह तो साफ हो गया है कि इस सरकार की पूरी दाल ही काली है। प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस सरकार के घोटालों की दाल नहीं गलने देगी।

Related Articles

Back to top button