'गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी'- कैलाश विजयवर्गीय - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

‘गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी’- कैलाश विजयवर्गीय

 इंदौर
 भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं में असंतोष और पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया है। विजयवर्गीय ने एक कार्यक्रम में कहा कि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि आज की तारीख में मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस नहीं हरा सकती। कांग्रेस में दम नहीं कि वह भाजपा को हरा सके। हां, यदि हमने संगठन की गलतियां ठीक नहीं कीं तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है। यह बात सही है कि हममें कुछ कमियां हैं, पर हम उनको ठीक कर रहे हैं।

विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में वे मालवा-निमाड़ को देखेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में मालवा और निमाड़ में अधिकांश सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल, भाजपा नेता विजयवर्गीय का यह बयान ऐसे समय आया है, जब इंदौर में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन, भंवरसिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र और पूर्व मंत्री दीपक जोशी में संगठन को लेकर असंतोष पनप चुका है।

नाराज जोशी को मनाने आए प्रदेश प्रभारी राव

दीपक जोशी तो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने की तैयारी कर चुके हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता उनको मनाने में लगे हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार देर रात भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव दिल्ली से भोपाल हाेते हुए इंदौर आए। उन्होंने जोशी को पार्टी कार्यालय पर बुलाकर बंद कमरे में चर्चा की। बताया जाता है कि राव ने जोशी से उनकी नाराजगी के कारण जाने और यह भी कहा कि उनके पिता व पूर्व मुख्यमंत्री ने संगठन के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। प्रदेश प्रभारी ने जोशी से यह भी कहा कि संगठन ऐसा क्या करे कि उनकी नाराजगी दूर हो सके। यह चर्चा काफी देर तक चलती रही। जोशी ने अपनी नाराजगी से जुड़ी कई बातें रखीं, लेकिन चर्चा कितनी सार्थक रही और जोशी को मनाने में कितने संगठन कितना सफल हो पाता है, यह आगे पता चलेगा।

Related Articles

Back to top button