भाजपा के प्रदेश प्रभारी माथुर पहुंचे, छह दिनों में लेंगे एक दर्जन बैठकें

रायपुर. छत्तीसगढ़ भाजपा में भारी विरोध के बाद भी बैठकाें का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर छह दिनों के प्रवास पर आज सुबह ही रायपुर पहुंचे हैं। अपने दाैरे के छह दिनों में प्रदेश प्रभारी एक दर्जन बैठकें लेंगे। मिशन 2023 पर वे रायपुर के साथ ही दुर्ग, कांकेर, बस्तर दंतेवाड़ा में मंथन करेंगे। लगातार बैठकों का दौर चलेगा और वे 30 अप्रैल को वापस लाैटेंगे। सह प्रभारी नितिन नवीन के भी आने की संभावना है। बस्तर और रायपुर में प्रदेश प्रभारी तीन-तीन दिन रहेंगे।प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। इसको लेकर भाजपा में लगातार लंबे समय से बैठकों का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर बैठकें लेने के लिए आ रहे हैं। श्री माथुर आज सुबह 8.20 रायपुर पहुंचे। वे प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रायपुर ग्रामीण जिला की बैठक लेंगे। दूसरे दिन श्री माथुर प्रातः 10 से 11 बजे तक विस्तारक प्रशिक्षण में मार्गदर्शन देंगे। वे दोपहर 12 दुर्ग में शहर विधानसभा की बैठक लेंगे। श्री माथुर दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक दुर्ग संभाग की बैठक लेंगे। इसके बाद कांकेर जाएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
26 को बस्तर संभाग की बैठक
26 अप्रैल को श्री माथुर जगदलपुर में मंदिर दर्शन के उपरांत दोपहर 2:30 बजे से संध्या 5 तक बस्तर संभाग की बैठक लेंगे। इसके बाद जगदलपुर विधानसभा की बैठक होगी। 27 अप्रैल को मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजन अर्चन उपरांत दंतेवाड़ा जिले की बैठक लेंगे। इसके बाद श्री माथुर चित्रकोट विधानसभा की बैठक लेंगे। 28 अप्रैल प्रातः 10.30 बजे कोंडागांव जिला कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके पश्चात श्री माथुर कांकेर में महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में मार्गदर्शन देंगे।
रायपुर में महामंत्रियों की बैठक
श्री माथुर 29 अप्रैल को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पूर्वान्ह 11 बजे प्रदेश महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसी के साथ श्री माथुर विधानसभाओं की बैठक लेने वाली लोकसभा की टोली के सदस्यों से चर्चा करके विधानसभाओं की स्थिति की पूरी जानकारी लेंगे। शाम को श्री माथुर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास जाएंगे। श्री माथुर 30 अप्रैल को सुबह 10 बजे रायपुर ग्रामीण जिला के भानसोज में मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने बताया, श्री माथुर रात्रि 8.15 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर से दिल्ली जाएंगे।



