रमन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, नई ट्रेन चलाने का किया आग्रह

रायपुर. प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रीवा से बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग होकर नागपुर (महाराष्ट्र) अथवा दुर्ग तक नई ट्रेन चलाने का आग्रह किया है। पत्र में लिखा की दैनिक यात्री ट्रेन नं. 18247 / 18248 रीवा से बिलासपुर को रीवा से दुर्ग तक विस्तारित करने का प्रस्ताव मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के सांसदों एवं मेरे द्वारा प्रेषित किया गया था, किन्तु आपके पत्र 7 फरवरी 2022 द्वारा अवगत कराया गया था कि संचालन अधोसंरचना एवं अन्य कारणों से उक्त ट्रेन का विस्तार अभी संभव नहीं है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि भविष्य में विस्तार एवं संचालन संबंधी इस महत्वपूर्ण विषय पर विचार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है, मध्य प्रदेश राज्य के विंध्याचल स्थित जिला रीवा, सीधी, सतना, शहडोल, सिंगरौली, उमरिया, अनूपपुर से बड़ी मात्रा में कर्मचारी अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में सेवारत थे जो राज्य में ही कार्यरत हैं, आपसी रिश्तेदारी, व्यवसायिक, पर्यटन एवं धार्मिक, चिकित्सकीय दायित्वों के लिए भी दोनों राज्यों के निवासियों का आना जाना बना रहता है। अतः निवेदन है कि विध्यांचल कल्याण समाज छत्तीसगढ़ की मांग अनुसार व्यापक जनहित में रीवा से बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग होकर नागपुर (महाराष्ट्र) अथवा दुर्ग तक नई ट्रेन संचालन की अनुमति दी जाए।



