छोटा आदमी..छोटे मन से.. किसे कहा रमन ने,भूपेश ने कैसे किया पलटवार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छोटा आदमी..छोटे मन से.. किसे कहा रमन ने,भूपेश ने कैसे किया पलटवार

रायपुर(realtimes) पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह एक वीडियो में कहते दिख रहे हैं कि छोटा आदमी छोटे मन से छोटी-छोटी हरकत करता है ये सिर्फ मजाक का पात्र बनेगा। समझा जा रहा है कि यह बात पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए कही है। श्री बघेल ने अब रमन की इस बात को पकड़कर सवाल उठाया है कि क्या बीजेपी ओबीसी को छोटा आदमी मानती है।

मुख्यमंत्री द्वारा जारी ट्वीट के माध्यम से यह मामला सामने आया है। भूपेश बघेल ने ट्वीट किया-पंडित जगत प्रकाश नड्डा जी आप देश के भगोड़े चोर नीरव और ललित को बचाने के लिए ओबीसी की आड़ ले रहे हैं.. आप पहले बताएं कि बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर रमन सिंह एक पिछड़ी जाति के मुख्यमंत्री को यानि मुझे छोटा आदमी कह रहे हैं। क्या भाजपा ओबीसी को छोटा आदमी मानती है।

यह मामला सामने आने से पहले भूपेश बघेल और डा.रमन सिंह गुरुवार रात और उससे पहले के दिनों में आपस में टकराते रहे हैं। विधानसभा में दोनों नेताओं के बीच जमकर टक्कर हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी ने कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए भ्रष्टाचार से संबंधित मुद्दे उठाए, पीएम आवास पर घेरने की कोशिश की। लेकिन भूपेश बघेल ने हर मौके पर चुन चुन कर पलटवार किया है। आवास मुद्दे की काट में सर्वे कराना और सभी हितग्राहियों को मकान देने की बात कही। और विधानसभा सत्र के आखिरी दिन उन्होंनें राज्य में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा करके भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर पानी फेरने का काम किया है। अभी की सियासत में भाजपा नेता सड़क से लेकर सदन तक तल्खी में नजर आ रहे हैं। राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि भूपेश ने सधे कदमों से सियासी दांव चले हैं। 

Related Articles

Back to top button