मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

बाइक से निकली 75 महिला कमांडो, आज रायपुर से होकर जाएगी आरंग

रायपुर. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का 84 वां स्थापना दिवस का कार्यक्रम 25 मार्च को बस्तर में होगा। इस कार्यक्रम के लिए ही 75 महिला कमांडो का एक दस्ता दिल्ली से बाइक से बस्तर के लिए रवाना हुआ है। यह दस्ता आज दाेपहर काे रायपुर के टाटीबंध से तेलीबांधा होते हुए आरंग जाएगा। राज्य की पर्वतारोही नैना सिंह धाकड़ के आतिथ्य में फ्लैग ऑफ होगा और आरंग की महिलाओं के साथ एक कार्यक्रम होगा। इसके बाद कल सुबह काे केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह कमांडो दल को हरी झंडी दिखाकर कोंडागांव के लिए रवाना करेंगी।
दिल्ली से महिला कमांडो 50 बुलेट पर सवार होकर 9 मार्च को निकली थी। यात्रा का नेतृत्व सीमा नाग कर रही हैं। सहायक के रूप में प्रोमिला शेट्टी हैं। इनके कारवां के साथ दूसरे वाहन भी हैं। इनकी यात्रा 1848 किलोमीटर की होगी। यात्रा अब अंतिम पड़ाव में हैं। मंगलवार को यात्रा भंडारा पहुंची है। वहां से बुधवार की सुबह यात्रा रवाना होगी और रायपुर से होते हुए शाम को चार से पांच बजे के बीच आरंग पहुंचेगी।
आरंग में होगा कार्यक्रम
सीआरपीएफ के रायपुर के डीआईजी बलराम बेहरा ने बताया, आरंग पहुंचने के बाद फ्लैग ऑफ होगा और इसके बाद पर्वतारोही नैना सिंह धाकड़ के आतिथ्य में एक कार्यक्रम होगा। इसमें जहां सीआरपीएफ की महिलाएं शामिल होंगी, वहीं आस-पास की महिलाओं को भी बुलाया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उद्बोधन होगा। महिला कमांडो का दस्ता आज रात को आरंग में रुकेगा और कल सुबह 9.30 बजे कोंडागांव के लिए रवाना होगा। इनको रवाना करने के लिए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, विधायक बृजमोहन अग्रवाल और रंजना साहू को बुलाया गया है। दस्ता 23 मार्च को कोंडागांव पहुंचेगा और वहां पर 23 के साथ ही 24 मार्च की रात को भी रूकेगा। यह दस्ता 25 को सुबह बस्तर के लिए रवाना होगा, जहां पर सुबह 8 बजे सीआरपीएफ का स्थापना दिवस कार्यक्रम होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button