हम देंगे गरीबों काे 16 लाख आवास, भाजपा का बड़ा ऐलान
रायपुर. मोर आवास मोर अधिकार के बड़े आंदोलन में आज यहां पर हजाराें की संख्या में जुटे हितग्राहियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने सभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा, कांग्रेस सरकार ने जिन 16 लाख गरीबाें के आवास छीने हैं, उनके आवास देने का काम भाजपा करेगी।
श्री साव ने कहा इ साल होने वाले विधानसभा चुनाव में हमारी सरकार बनी तो हमारे मुख्यमंत्री सबसे पहले पीएम आवास से वंचित 16 लाख हितग्राहियों की योजना पर हस्ताक्षर करेंगे, इसके बाद ही वे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।
पिरदा चौक में आमसभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने पहले पीएम आवास के हितग्राहियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया और फिर वे मंच पर गए। सभा में श्री साव ने सबसे पहले कहा, मुख्यमंत्री विधानसभा में बैठकर जानकारी ले रहे हैं कि सभा में कितने लोग आ रहे हैं। उन तक हजारों की संख्या में लोगों के आने की जानकारी पहुंचने पर उनका पसीना छूट रहा है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री सर्वे की बात कर रहे हैं। जिस सूची के आधार पर आवास देना तय हुआ है, वह सूची 2011 की है, तब केंद्र में कांग्रेस गठबंधन वाली यूपीए सरकार थी, तो क्या मुख्यमंत्री को अपनी पार्टी के गठबंधन वाली सरकार की सूची पर ही भरोसा नहीं है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो उस सूची पर सवाल खड़ा नहीं किया और उसी सूची के आधार पर देश भर में आवास बनाए जा रहे हैं। श्री साव ने कहा, मुख्यमंत्री किसी की बात नहीं मानते हैं। अपने मंत्री की भी बात नहीं मानते हैं। इसलिए मैं कहता हूं 2023 में जब मतदान होगा, केंद्र में जाकर कमल का बटन दबाओगे तो सरकार को ऐसा करंट लगेगा की धड़ाम से गिर जाएगी। उन्होंने कहा, प्रदेश की कांग्रेस सरकार कहती है 2500 रुपए में धान खरीदी कर रहे हैं, इसमें से समर्थन मूल्य के 2100 रुपए नरेंद्र मोदी की सरकार देती है। कांग्रेस सरकार महज चार सौ रुपए देकर वाहवाही लूटने का काम कर रही है।
हम बनाकर देंगे 16 लाख आवास : रमन सिंह
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, कांग्रेस सरकार ने गरीबों के 16 लाख आवास छीनने का काम किया है। अब वक्त आ गया है। हमारी सरकार सत्ता में वापस आएगी तो हम 16 लाख आवास बनाकर देंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, ईडी और आईटी के छापे से इनके अधिकारी जेल में हैं। कोयले की दलाली में सबके चेहरे काले पड़ गए हैं। सीमेंट में भी प्रति क्विटंल 20 रुपए लिए जा रहे हैं। उन्होंने तीन पत्र दिखाते हुए कहा, दो पत्र केंद्रीय मंत्रियों के हैं जिन्होंने प्रदेश सरकार को पीएम आवास के लिए लिखे थे, जिसमें राज्य सरकार से उनका राज्यांश देने कहा गया। एक पत्र टीएस सिंहदेव का है, जिन्होंने पीएम आवास न बन पाने के कारण पंचायत मंत्री के पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा है, 8 लाख आवास नहीं बन सके हैं।
माथुर बोले मैं यहीं रहूंगा, यह सरकार बदलनी है
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा, इस आंदोलन ने बता दिया है कि जनता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ कितना आक्रोश है। हम लोग खुद एक घंटे तक जाम में फंस रहे। उन्होंने कहा, मैं अभी चुनाव तक यही रहने वाला हूं। उन्होंने कहा आप सबको इसी तरह के आंदोलन करने हैं। इस झूठ बोलने वाली सरकार को बदलना है।
प्रदेश सरकार पर बरसे रघुवर
झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा, प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, आज के आंदोलन से यह साफ लग रहा है कि प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है। आजादी के इतने सालों के बाद भी यहां गरीबों को आवास की सुविधा नहीं मिली है। 7.5 लाख बेघरों का घर बनाने का काम डॉ. रमन सिंह की सरकार ने किया था। आज यह जनता सरकार से पूछ रही है कि आपने कितने लोगों को आवास दिया। कांग्रेस सरकार में गरीबों की योजना लागू नहीं की जा रही है। यहां सरकार के संरक्षण में शराब सिंडिकेट चल रहा। कोल सिंडिकेट चल रहा है। झारखंड में भी यह चल रहा है।
सरकार नहीं सर्कस: चंदेल
नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल ने कहा, यहां पर कांग्रेस की सरकार नहीं सर्कस चल रहा है। इस सरकार में कवासी लखमा जैसे आइटम हैं। ये काम नहीं करते हैं, उछल कूद करते हैं। कोई भी काम की बात की जाए तो बस नरवा, गरवा, घुरवा बारी की बात करते हैं, लेकिन इसका काम भी नहीं हो रहा है।