मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

राजधानी में आम सभा में शक्ति प्रदर्शन के बाद भाजपा आज घेरेगी विधानसभा

रायपुर. प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा आज पिरदा चौक में दोपहर 12 बजे बड़ी सभा में शक्ति प्रदर्शन करने के बाद विधानसभा का घेराव करेगी। आंदोलन में शामिल होने के लिए सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेश के कई स्थानों से एकत्रित होने लगे हैं। भाजपा के हल्ला बोल आंदोलन में जहां प्रदेश के सभी बड़े नेता शामिल होंगे, वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल होंगे।
आंदोलन के बारे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री व भाजपा मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने बताया आवासहीन हितग्राहियों के पैर पखारकर आंदोलन में उनका स्वागत किया जाएगा। मोर आवास मोर अधिकार इस विषय को लेकर हम गांव गांव गए। कांग्रेस के विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय का घेराव किया। पद यात्राएं कीं।
20 लाख आवास से वंचित
भाजपा नेताओं ने बताया, प्रदेश के 16 लाख परिवार प्रधानमंत्री आवास से वंचित हुए हैं, कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के कारण उन्हें आवास नहीं मिले, इसी तरह से चार लाख से अधिक शहरी परिवारों को भूपेश बघेल की सरकार के कारण प्रधानमंत्री आवास से वंचित होना पड़ा है। आवास से वंचित परिवार अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए राज्य विधानसभा का घेराव करेंगे। एक लाख से अधिक संख्या में विधानसभा घेराव का आंदोलन होगा, जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक हितग्राही शामिल होंगे, जो अपनी आवाज को बुलंद करेंगे।
भ्रम पैदा करने नए सर्वे की बात
श्री साव ने कहा, आरंभ में भूपेश बघेल ने कहा कि इसलिए हम राज्यांश नहीं देंगे क्योंकि योजना में प्रधानमंत्री शब्द है और अब नई नई प्रकार की बातें कर रहे हैं। सर्वे कराने की बात कर रहे हैं। सर्वे बहुत पहले से होकर रखा है। 2011 की सर्वे सूची है। 2016 में सबको जोड़कर सूची बनी है। लेकिन लोगों के बीच भ्रम पैदा करके नए सर्वे की बात कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि भूपेश बघेल की सरकार की नीयत अच्छी नहीं है। लोगों को आवास नहीं देना चाहते। आज कांग्रेस के नेता नई-नई बातें करते हैं। क्या अपने मंत्री के उस पत्र को झुठला सकते हैं जो उन्होंने इस्तीफा देते समय लिखा था कि बार-बार फंड आवंटन की मांग कर रहा हूं लेकिन मकान नहीं बन पाए हैं।
बताएं कहां बनाएं हैं 8 लाख मकान
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की गरीब जनता की लड़ाई है, गरीब अपना हक मांग रहे हैं, अधिकार मांग रहे हैं कोई भीख नहीं मांग रहे। छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव करने जा रहे हैं और हम कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हैं। यह विषय गरीबों को जोड़ने वाला विषय है। मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा, यह जो जनगणना की बात करते हैं तो किसी एक प्रदेश के लिए जनगणना नहीं होती पूरे देश के लिए होती है। यह जनता को मूर्ख बनाने का काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में 16 लाख आवास बनने हैं। मुख्यमंत्री कहते है कि 8 लाख आवास बने हैं लेकिन यह जो आवास बने है, वह भारतीय जनता पार्टी के समय बने हैं। उस समय छत्तीसगढ़ एक नंबर पर था।
ये नेता होंगे शामिल
सभा और आंदोलन में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल सभी सांसद, विधायक, प्रदेश, जिलों के पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button