भाजपा का 15 को पीएम आवास पर हल्ला बोल, राजधानी की चार विधानसभाओं से ही जुटेंगे 20 हजार

रायपुर. आज से ठीक दाे दिन बाद राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा का बड़ा हल्ला बोल आंदोलन हाेगा। इसमें एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाई जाएगी। जहां एक तरफ भाजपा के कार्यकर्ता शामिल होंगे, वहीं जिन सात लाख से ज्यादा आवासों से वंचितों से फार्म भरवाए गए हैं, उनको भी शामिल किया जाएगा। रायपुर की चार विधानसभाओं को सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इनके वर्तमान और पूर्व विधायकों को पांच-पांच हजार का टारगेट दिया गया है। इसी के साथ बाकी विधानसभाओं को एक से दो हजार का लक्ष्य दिया गया है। आंदोलन में सभी बड़े नेता शामिल होंगे।पीएम आवास को लेकर भाजपा ने इसको बड़ा मुद्दा बना दिया है। दो माह से ज्यादा समय से गांव-गांव में इसको लेकर आंदोलन किया गया है। गांवों से निकला आंदोलन विधानसभाओं तक पहुंचा और कांग्रेस के विधायकों का घेराव किया गया, अब अंतिम चरण में विधानसभा का घेराव होगा। इसके लिए पूरी रणनीति तैयार हो गई है।
सभी बड़े नेता करेंगे शिरकत
आंदोलन में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन के साथ प्रदेश के सभी बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, सभी सांसद, विधायक और प्रदेश और जिलों के पदाधिकारी, सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
रायपुर को बड़ा जिम्मा
आंदोलन के लिए राजधानी रायपुर की चार विधानसभाओं के दिग्गज नेताओं को बड़ा जिम्मा दिया गया है। रायपुर दक्षिण से बृजमोहन अग्रवाल, पश्चिम से पूर्व मंत्री राजेश मूणत, उत्तर से पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी और ग्रामीण से पूर्व विधायक नंदे साहू को अपनी-अपनी विधानसभा से पांच-पांच हजार की भीड़ लाने का लक्ष्य दिया गया है। इन सभी विधानसभाओं की बैठक भी हो गई है, जिसमें मंडलों को भी लक्ष्य दिया गया है। कुल 16 मंडल हैं। एक-एक मंडल को एक हजार से ज्यादा की भीड़ लाने कहा गया है। इसी के साथ रायपुर जिले की विधानसभाओं से भी कम से कम दो-दो हजार की भीड़ जुटाई जाएगी। इसके अलावा प्रदेश की बाकी विधानसभाओं से एक-एक हजार की भीड़ लाने कहा गया है।



