भाजपा विधायक दल की आज शाम बैठक, तय करेंगे सरकार को घेरने की रणनीति

रायपुर. विधानसभा का बजट सत्र आज से राज्यपाल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ हाे गया है। सत्र के पहले ही दिन शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शाम काे सात बजे से हाेगी। नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, हमारे पास मुद्दों की भरमार है। सबसे अहम प्रधानमंत्री आवास पर सरकार को सदन के साथ सड़क पर भी घेरा जाएगा। इसके लिए भाजपा ने 15 मार्च को विधानसभा का घेराव भी तय किया है। इसमें प्रदेश भर से एक लाख कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य है।विधानसभा के बजट सत्र को लेकर जहां एक तरफ भाजपा के विधायकों ने थोक में कई मुद्दों पर सवाल लगाए हैं, वहीं अब सत्र में सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरना है, इसको लेकर विधायक दल की बैठक में मंथन करके रणनीति बनाई जाएगी। विधायक दल की बैठक भाजपा कार्यालय में शाम को होगी।
हमारे पास मुद्दों की भरमार
भाजपा विधायक प्रदेश सरकार को जिन मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहे हैं, उनके बारे में नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, मुद्दों की कमी नहीं है हमारे पास। सबसे अहम प्रधानमंत्री आवास योजना है। प्रदेश सरकार ने 16 लाख गरीब परिवारों के सिर से छत छीनने का काम किया है। इसको लेकर भाजपा का लगातार आंदोलन चल रहा है। गांव-गांव में जाकर आवास से वंचितों से आवेदन भरवाए गए हैं। इस मामले पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। लगातार नक्सली घटनाएं भी बढ़ रही हैं। हमारे नेताओं की लगातार बस्तर में हत्या हुई हैं। भाजपा नेताओं की टारगेट किलिंग हो रही है। इस मामले में भी सरकार को घेरा जाएगा। और किन मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा और किन मुद्दों पर स्थगन लाएंगे इसकी योजना बैठक में बनाएंगे। सरकार की वादाखिलाफी को लेकर भी सवाल होंगे। सरकार ने चार साल में अपने वादे पूरे नहीं किए हैं।



