केंद्रीय मंत्री ठाकुर बाेले- छत्तीसगढ़ में इतना भ्रष्टाचार है तो ईडी तो आएगी ही

रायपुर. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने छत्तीसगढ़ में ईडी की कार्रवाई को लेकर कहा, आखिर इतना भ्रष्टाचार क्यों है यहां पर। छत्तीसगढ़ में ऐसी कितनी लूट मची है, जिसके कारण एजेंसियों को कार्रवाई करनी पड़ती है। जब भ्रष्टाचार होगा, तो ईडी का आना लाजमी है। इसको लेकर हल्ला मचाने और हाय तौबा करने से कुछ नहीं होने वाला है। अगर भ्रष्टाचार नहीं होगा, तो ईडी क्यों आएगी।
श्री ठाकुर ने कहा, देश को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए 2014 में हमने संकल्प लिया था। केंद्रीय एजेंसी अपना काम करती है। उसमें सरकार का सीधे तौर पर कोई हस्तक्षेप नहीं होता। जो भ्रष्टाचार करता है, उसके खिलाफ एजेंसियां पहले भी कार्रवाई करती थीं। उन्होंने कहा, देश के सात दशक का रिकॉर्ड उठाकर देख लें, एजेंसियां अपना काम करती हैं और आगे भी अपना काम करेंगी।
16 लाख पीएम आवास से वंचित
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, कांग्रेस की सरकार ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को पीछे करने का काम किया है। एक चिट्ठी प्रधानमंत्री आवास योजना पर मंत्री से लेकर अधिकारी तक द्वारा नहीं लिखी गई है, मेरे प्रमाणपत्र से ज्यादा जरूरी सिंहदेव का प्रमाणपत्र है, जिन्होंने विभाग से इस्तीफा दिया था, इसमें मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने गरीबों को 16 लाख पक्के मकानों से वंचित रखने का काम किया है। यही नहीं, गरीबों के नलों से जल भी नहीं आता है, लेकिन गांधी परिवार के लिए फाइव स्टार टेंट बनाए जाते हैं। यही नहीं, गांधी परिवार की नेता पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई जाती हैं। कांग्रेस में आज भी एक ही परिवार हावी है।
गरीबों को योजनाएं से कर रहे वंचित
श्री ठाकुर ने कहा, यहां की राज्य सरकार गरीबों को केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित करने का काम कर रही है। चाहे वह पीएम आवास योजना हो या फिर जल जीवन योजना हो। उन्होंने कहा, जल जीवन मिशन के काम में पिछड़ने की क्या मजबूरी है। देशभर में 56 प्रतिशत से ज्यादा कई राज्यों में 90 प्रतिशत तक जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल लगाने का काम किया गया। छत्तीसगढ़ में महज 23 प्रतिशत ही काम किया गया है। आखिर इसके पीछे का कारण क्या है। उन्होंने कहा, कांग्रेस की माफिया सरकार को छत्तीसगढ़ की जनता कभी माफ नहीं करेगी। छत्तीसगढ़ के संसाधनों को लूटकर यहां के सत्ताधारी लोग खा गए। सरकारी खजाने के बजाय अपनी जेब भर रहे हैं।
माफिया के सामने झुकी सरकार
श्री ठाकुर ने कहा, राज्य की कांग्रेस सरकार शराब, रेत से लेकर अन्य माफिया के आगे झुक गई है। सरकार में आने से पहले पूर्ण शराबबंदी करने की बात करती थी, आज घर-घर शराब पहुंचाने का ठेका भी सरकार ने ले लिया है। यहां की युवाओं को कहते थे बेरोजगारी भत्ता देंगे। कांग्रेस के शासन में 4 सालों में 26 हजार लोगों के आत्महत्या का मामला सामने आया है। नक्सलवादियों ने एक के बाद एक भाजपा नेताओं की हत्या की है, लेकिन इस टारगेट किलिंग पर सरकार मूकदर्शक बनकर बैठी है।
गांधी परिवार आज भी हावी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर श्री ठाकुर ने कहा, जिस पार्टी में स्वयं लोकतंत्र ना हो, जहां एक चुनाव की प्रक्रिया ना हो, अध्यक्ष से ज्यादा आज भी एक परिवार ही हावी हो, टेंट भी बने फाइव स्टार तो एक परिवार के लिए बने, तो समझ सकते हैं उस पार्टी की हालत क्या होगी। जहां के अध्यक्ष को लेने 10 लोग ना आए हों, परिवार के व्यक्ति के लिए करोड़ों रुपए खर्च करके फूल बिछाए गए हैं, वह तो अपने आप पता चलता है।
कांग्रेस के नेताओं से पूछें जनेऊ क्यों पहनते हैं?
कमलनाथ के बयान पर श्री ठाकुर ने कहा, कांग्रेस के नेताओं से पूछे जनेऊ क्यों धारण करते हैं। क्यों मंदिरों के चक्कर काटते हैं। कांग्रेस को अपने नेताओं से पूछना चाहिए। यही कांग्रेस है, जिसने 70 सालों में केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ, सोमनाथ में कोई काम नहीं किया, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार ने कला संस्कृति साहित्य भारत के गौरवशाली इतिहास को और आगे बढ़ाने का काम किया है। दिव्य और भव्य सोमनाथ बनाए, काशी विश्वनाथ बनाए, केदारनाथ धाम बना, अयोध्या धाम बनकर तैयार हो रहा है। महाकाल बनाने का काम किया, यह हमने किया है।



