'सोनासिलेक्शन इंडिया' ने तय किया IPO प्राइस, ₹94 से ₹99 प्रति शेयर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

‘सोनासिलेक्शन इंडिया’ ने तय किया IPO प्राइस, ₹94 से ₹99 प्रति शेयर

मुंबई। मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण से जुड़ी इंटीग्रेटेड फैब्रिक मैन्युफैक्चरिंग और प्रोसेसिंग कंपनी ‘सोनासिलेक्शन इंडिया लिमिटेड’ ने अपने 141.6 करोड़ रुपये के आईपीओ (IPO) की घोषणा कर दी है। कंपनी का IPO गुरुवार, 17 सितंबर, 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और सोमवार, 21 सितंबर, 2026 को बंद होगा। निवेशक 21 सितंबर तक इसमें बोली लगा सकेंगे। एंकर निवेशकों के लिए बोली एक दिन पहले, बुधवार, (16 सितंबर) को खुलेगी। कंपनी ने IPO के लिए प्रति इक्विटी शेयर ₹94 से ₹99 का प्राइस बैंड तय किया है।

1.43 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू
कंपनी इस IPO के माध्यम से ₹10 अंकित मूल्य वाले अधिकतम 1.43 करोड़ इक्विटी शेयर जारी करेगी। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा। तय प्राइस बैंड के हिसाब से फ्लोर प्राइस ₹94 और कैप प्राइस ₹99 प्रति शेयर रहेगा। फ्लोर प्राइस शेयर के अंकित मूल्य का 9.40 गुना, जबकि कैप प्राइस 9.90 गुना है।
IPO में निवेश करने के इच्छुक लोगों के लिए न्यूनतम बोली 150 इक्विटी शेयरों की रखी गई है। इसके बाद निवेशक 150-150 शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकेंगे। कंपनी के शेयरों को IPO के बाद बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। इश्यू बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के तहत पेश किया जाएगा।

QIB, NII और रिटेल निवेशकों के लिए हिस्सा तय
सेबी के नियमों के अनुसार, इश्यू का अधिकतम 50 फीसदी हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी अपने बुक रनिंग लीड मैनेजर के परामर्श से QIB हिस्से के 60 फीसदी तक हिस्से को एंकर निवेशकों को आवंटित कर सकती है। एंकर हिस्से में घरेलू म्यूचुअल फंड, जीवन बीमा कंपनियों और पेंशन फंड के लिए निर्धारित आरक्षण का भी प्रावधान रहेगा।

IPO में रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा आरक्षित
इश्यू का कम से कम 15 फीसदी हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) और कम से कम 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए उपलब्ध रहेगा। खुदरा और अन्य पात्र निवेशकों को ASBA प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करना होगा। UPI के जरिए आवेदन करने वाले निवेशकों को आवेदन के दौरान अपनी संबंधित UPI ID उपलब्ध करानी होगी।

IPO से जुटाई रकम कर्ज चुकाने और मशीनरी खरीद में लगेगी
कंपनी के एमडी हर्षिल नुआल और प्रमोटर दीपक भंडारी के अनुसार, IPO से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से बैंकों से लिए गए कुछ ऋणों के पूर्ण या आंशिक भुगतान के लिए किया जाएगा। इसके अलावा राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित कंपनी की मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में प्लांट और मशीनरी की खरीद पर भी रकम खर्च की जाएगी तथा बची हुई राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

सोनासिलेक्शन इंडिया के IPO का मैनेजमेंट चॉइस कैपिटल के हाथ
इस IPO के लिए चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार की भूमिका निभा रही है। कंपनी की नजर IPO के जरिए पूंजी जुटाने के साथ-साथ अपनी मौजूदा विनिर्माण क्षमता को और अधिक मजबूत करने पर है।

Related Articles

Back to top button