राजनांदगांव में  बूथों की बनेगी कुंडली, कल 100 से ज्यादा भाजपा के पदाधिकारी पहुंचेंगे शक्ति केंद्राें में - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

राजनांदगांव में  बूथों की बनेगी कुंडली, कल 100 से ज्यादा भाजपा के पदाधिकारी पहुंचेंगे शक्ति केंद्राें में

रायपुर। प्रदेश भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की बैठक राजनांदगांव में रविवार और साेमवार काे हाेगी। इसके पहले प्रदेश के सभी 35 जिलों के जिला प्रभारी, सह प्रभारी और जिलाध्यक्षों को राजनांदगांव जिले के शक्ति केंद्रों में जाने का फरमान जारी किया गया है। 105 पदाधिकारी शक्ति केंद्रों में बैठक लेकर बूथों की कुंडली बनाकर इसकी रिपोर्ट प्रदेश संगठन को देंगे। बैठक के पहले दिन कोर ग्रुप और संगठन के महामंत्रियों के साथ संभाग के प्रभारियों की बैठक होगी। दूसरे दिन प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में मिशन 2023 को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन प्रभारी शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन का हमेशा से बूथों पर ही फोकस रहा है। बूथों को मजबूत बनाकर ही भाजपा जीत का रास्ता निकालती है। प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बूथों को मजबूत करने की रणनीति बनी है। अब इस रणनीति के तहत प्रदेश में पहली बार पदाधिकारियों को शक्ति केंद्रों में भेजकर बूथों की स्थिति जानने का फैसला किया गया है। इसका आगाज राजनांदगांव में होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक से किया जा रहा है। पिछले साल जब हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यसमिति का आयोजन किया गया था तो इसकी बैठक में शामिल होने पहुंचे राज्यों के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों को भी एक-एक बूथ में एक दिन गुजराने भेजा गया था। यहां भी ठीक वही किया जा रहा है।
शक्ति केंद्रों में लेंगे बूथों की पूरी जानकारी
शक्ति केंद्रों तक जाने के लिए जिलाध्यक्ष, जिलों के प्रभारी और सह प्रभारियों काे जिम्मा दिया गया है। एक-एक पदाधिकारी एक-एक शक्ति केंद्र में जाकर उस शक्ति केंद्र में बैठक लेंगे और उस शक्ति केंद्र से जुड़े सभी बूथों की पूरी कुंडली तैयार करेंगे। इसमें बूथों की स्थिति किस बूथ में भाजपा मजबूत है, किसमें कमजाेर है, किस बूथ में पन्ना और पेज प्रभारी बने हैं, कहां बाकी है। सारी जानकारी लेकर बैठक में रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button