छत्तीसगढ़ में भी गुजरात फार्मूला, भाजपा बनाएगी हर मतदाता की कुंडली

रायपुर(realtimes) गुजरात में मिली ऐतिसाहिक जीत के बाद भाजपा का राष्ट्रीय संगठन अब गुजरात का फार्मूला दूसरे राज्यों में लागू करने की तैयारी में है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में फिर से सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने गुजरात का एक फार्मूला लागू करने का फैसला किया है। इसमें यहां भी गुजरात की हर मतदाता की कुंडली बनाई जाएगी। प्रदेश में एक करोड़ 92 लाख 56 हजार मतदाता हैं। इसके लिए दस लाख कार्यकर्ताओं को जिम्मा दिया जाएगा। 20 मतदाताओं के पीछे एक कार्यकर्ता रहेगा। हर बूथ के एक पेज जिसमें आगे और पीछे को मिलाकर 60 मतदाता होते हैं, उसके लिए एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखे जाएंगे। इनका काम हर मतदाता के घर तक जाकर उनकी जानकारी एकत्रित करने का होगा।भाजपा की गुजरात में सातवीं बार सरकार बनने के पीछे का सबसे बड़ा कारण वहां पर बूथों पर फोकस करना रहा है। गुजरात के कुछ फार्मूले भाजपा अब दूसरे राज्यों में भी लागू कर रही है। गुजरात में भाजपा के एक नहीं बल्कि कई तरह के फार्मूलों रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा फार्मूला एक-एक मतदाता का डाटा एकत्रित करना रहा है। इसी फार्मूले के दम पर भाजपा लगातार वहां जीत रही है।
हर बूथ के लिए रणनीति
राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश भाजपा संगठन ने हर बूथ के लिए नई रणनीति बनाई है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने इसके लिए फरमान जारी किया है। इसमें बूथों पर पूरा फोकस करने कहा गया है। इसके तहत सबसे अहम यह है कि हर बूथ के जितने भी मतदाता हैं, उन तक पहुंचना है। इसके लिए जो रणनीति बनाई गई है, उसमें तय किया गया है कि हर बूथ में आठ सौ से 12 सौ तक मतदाता होते हैं। हर बूथ में आगे और पीछे के पेज को मिलाकर 60 मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर बूथ में 13 से 20 पेज तक होते हैं। हर पेज के लिए जिसमें 60 मतदाता होंगे, भाजपा ने एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखने का फैसला किया है।
हर मतदाता के घर तक जाएंगे
हर पेज के लिए जो तीन कार्यकर्ता नियुक्ति होंगे, वे सभी मतदाताओं के घरों तक जाएंगे। एक-एक कार्यकर्ता को 20-20 मतदाताओं के घरों तक जाने का जिम्मा मिलेगा। इनका काम होगा, मतदाता की पूरी जानकारी जुटाना। इसमें मतदाता किस पार्टी को मतदान करता है यह जानना तो अहम रहेगा, इसी के साथ हर मतदाता की समस्या जानकर उनकी समस्या का निराकरण करने का काम भी कार्यकर्ता करेंगे। इसी के साथ जो मतदाता भाजपा के नहीं होंगे, उनको भाजपा के बारे में बताने के साथ, यह बताया जाएगा कि केंद्र की भाजपा सरकार क्या-क्या कर रही है और जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उसने क्या किया था और अब कांग्रेस की सरकार ने किस तरह से वादाखिलाफी करने का काम किया है।



