भानुप्रतापपुर में भाजपा नेताम, तेता या उइके में से किसी एक पर खेलेगी दांव

रायपुर(realtimes) भानुप्रतापपुर में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रदेश भाजपा चुनाव समिति ने जाे पांच नामों का पैनल तय किया है, इसमें पहले तीन स्थानों पर 2008 के विधायक ब्रह्मानंद नेताम, परमानंद तेता, गौतम उइके के नाम हैं। संभावना यही है कि इनमें से ही किसी एक के नाम पर भाजपा दांव खेलेगी। वैसे अंतिम फैसला राष्ट्रीय चुनाव समिति काे करना है। सूची लेकर कल रात काे ही बैठक के बाद राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश दिल्ली चले गए हैं। वहां से एक-दो दिनों में प्रत्याशी का नाम तय होने पर ऐलान किया जाएगा।
भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए नामांकन भरने का क्रम प्रारंभ हो गया है। नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर है। अब तक कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक पहले ही हो चुकी है। अब शनिवार को यहां पर भाजपा चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में पर्यवेक्षक बनाए गए चारों सदस्य भी शामिल हुए। सदस्यों ने जहां दावेदारों के नाम चुनाव समिति के सामने रखे, वहीं भानुप्रतापपुर दौर में दावेदारों के अलावा विधानसभा, जिले और मंडल के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ता के साथ हुई रायशुमारी के बारे में चुनाव समिति को बताया गया। उसके बाद चुनाव समिति ने सर्वसम्मति के साथ पांच नामों का पैनल तय किया है।
ये है नामों का पैनल
बैठक में 17 दावेदारों के नाम पर्यवेक्षकों ने चुनाव समिति के सामने रखे। चर्चा के बाद इसमें से पांच नामों का पैनल बनाकर राष्ट्रीय चुनाव समिति को भेजा गया है। जो पैनल तय किया गया है, उसके बारे में तो भाजपा ने खुलासा नहीं किया है, लेकिन जानकारों की मानें तो इस पैनल में 2008 के विधायक ब्रह्मानंद नेताम, परमानंद तेता, गौतम उइके, हेमेंद्र ठाकुर और विजय मंडावी के नाम शामिल हैं।



