महंगी बिजली का डबल झटका, वीसीए के साथ विद्युत शुल्क का भी लगेगा फटका

रायपुर(realtimes) महंगाई की मार से परेशान आम आदमी पर महंगाई का एक बड़ा बोझ फिर से लाद दिया गया है। प्रदेश के हर वर्ग के बिजली उपभाेक्ताओं काे महंगी बिजली का अक्टूबर के बिजली बिल में डबल झटका लगेगा। एक तरफ जहां इस माह से विद्युत शुल्क में इजाफा कर दिया गया है, वहीं वीसीए में भी प्रति यूनिट 20 पैसों का इजाफा हो गया है। अगस्त में ही वीसीए में 23 पैसों का इजाफा किया गया था। एनटीपीसी से महंगी बिजली मिलने के कारण यह असर हुआ है। अब वीसीए 42 पैसे से बढ़कर 62 पैसे हाे गया है। आने वाले समय में इसमें और इजाफा होने की संभावना है।
बिजली नियामक आयोग ने पहले वीसीए को दाे सौ यूनिट तक खपत करने वालों के लिए टैरिफ का पांच प्रतिशत वीसीए लगाने की सीमा तय की थी, लेकिन इस बार के टैरिफ में वीसीए को नियंत्रण से बाहर रखा गया है। चूंकि साल में टैरिफ एक ही बार तय किया जा सकता है, ऐसे में लागत बढ़ने पर वीसीए को बढ़ाना ही एकमात्र विकल्प है। अगर कोयले की कीमत इसी तरह से बेलगाम रही तो हर दो माह में महंगी बिजली का झटका लगना तय है।
फिर बढ़ा वीसीए
कोयले की कीमत के साथ बिजली के उत्पादन में लगने वाले फ्यूल और अन्य खर्च काे मिलाकर उत्पादन लागत निकाली जाती है। हर दो माह में उत्पादन लागत का आकलन करके वीसीए तय किया जाता है। पॉवर कंपनी को एनटीपीसी से बिजली लेने में ज्यादा पैसे भी लग रहे हैं, क्योंकि एनटीपीसी की बिजली महंगी हो गई है। हर माह कंपनी एनटीपीसी से 11 से 12 सौ मिलियन यूनिट बिजली लेती है। पहले इसके लिए 400 से 450 करोड़ लगते थे, लेकिन अगस्त से इसके लिए छह सौ करोड़ से ज्यादा लग रहे हैं। ऐसे में वीसीए में एक बार फिर से दो माह के लिए इजाफा किया गया है। यह इजाफा अक्टूबर और नवंबर के बिल में होगा। इसके पहले अगस्त और सितंबर के बिल में वीसीए को बढ़ाकर 19 पैसे से 42 पैसे किया गया था। अब इसको 42 पैसे से 62 पैसे कर दिया गया है।
विद्युत शुल्क में भी झटका
विद्युत शुल्क में भी अक्टूबर से इजाफा किया गया है। विद्युत शुल्क पूरे बिल पर लगता है। इसमें टैरिफ के साथ फिक्स चार्ज, वीसीए और सेस शामिल है। घरेलु उपभोक्ताओं के चार सौ यूनिट का बिल अगर काउंट करें तो पहले सौ यूनिट के 370, दूसरे के 390 और इसके बाद के दो सौै यूनिट के 5.30 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से 1060 रुपए होते हैं। टैरिफ का शुल्क 1820 रुपए होता है। इसमें 20 रुपए फिक्स चार्ज, दस पैसे प्रति यूनिट पर सेस के हिसाब से 40 रुपए और 62 पैसे प्रति यूनिट पर वीसीए के 248 रुपए को मिलाकर कुल बिल 2128 रुपए का होता है। अब इसी बिल पर इस समय जो 8 प्रतिशत शुल्क लगता है वह 11 फीसदी लगेगा। अभी चार सौ यूनिट पर 170 रुपए लगते हैं वो अब 234 रुपए लगेंगे। यानी 64 रुपए ज्यादा लगेंगे। विद्युत शुल्क जोड़ने के बाद ही घरेलु उपभोक्ताओं काे 400 यूनिट में मिलने वाली छूट को घटाकर बिल बनाया जाता है। गैर घरेलु उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलता है। गैर घरेलु उपभोक्ताओं का शुल्क 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 17 प्रतिशत किया गया है।



