बिलासपुर में महिला माेर्चा का 3 नवंबर काे हल्ला बाेल, एक लाख महिलाएं जुटेंगी

रायपुर(realtimes) भाजपा महिला मोर्चा की दीपावली के बाद तीन नवंबर को बिलासपुर में महतारी हुंगार रैली होगी। इसमें एक लाख महिलाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया। महिला मोर्चा की कार्यसमिति में आज इसको लेकर पूरी योजना बनाई गई। बैठक के बाद राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने बताया, हम न्याय मांगने के लिए न्यायाधानी में जुटेंगी।
सरोज पांडेय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, प्रदेश में केवल सत्ता पाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस ने पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था। सत्ता पाने के बाद 4 वर्ष पूरे होने के बावजूद भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में अब तक शराबबंदी के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाया है। प्रदेश सरकार की मंशा ही नहीं है कि वह प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी करें।
कोई वादा नहीं किया पूरा
सुश्री पांडेय ने कहा प्रदेश की कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में वादे तो अनेक किए थे लेकिन जब उन वादों को पूरा करने का समय आया तो प्रदेश के मुख्यमंत्री, कांग्रेस के लिए एटीएम बन कर केवल एक परिवार की सेवा में लग गए हैं। विधवा पेंशन 1 हजार रूपए देने की घोषणा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने की थी लेकिन अब तक इतने दिनों के बाद भी विधवा पेंशन 350 रुपए ही दी जा रही है। उन्होंने कहा, प्रदेश में महिला स्व सहायता समूह का पूरा कर्जा माफ करने का वादा किया था लेकिन आज तक प्रदेश में महिला स्व सहायता समूह का कर्जा माफ नहीं हुआ है। कर्ज ली हुई महिलाओं को कर्ज की राशि जमा करने के लिए बार-बार दबाव बनाकर वसूली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरफ आतंक का माहौल बना हुआ है। ऐसा एक भी दिन नहीं बीतता जिस दिन प्रदेश में कोई अपराधिक घटना घटित ना हुई हो। जांजगीर की निर्भया कांड की घटना आज हम सबको झकझोर देती है।
जिलों में बैठक से होगा आंदोलन का आगाज
सुश्री पांडेय ने बताया भाजपा महिला मोर्चा 3 नवंबर को न्यायधानी बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली करेंगी जिसमें प्रदेशभर की एक लाख मातृशक्ति शामिल होकर प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार को जगाने एवं उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए अपना आंदोलन करेंगी। 29 और 30 सितंबर को सभी जिलों में बैठक आयोजित की जाएगी। एक व 2 अक्टूबर को विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। वही 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक ग्राम स्तर पर जाकर महिला स्व सहायता समूह से, विद्या मितानों से, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क करेंगी। 14 या 15 अक्टूबर को तहसीलों में एवं 18 से 29 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों में महतारी हुंकार रैली के लिए बैठक आयोजित की गई है। 28 अक्टूबर को पूरे प्रदेश की महिलाओं द्वारा भगवामय होते हुए स्कूटी रैली निकाली जाएगी।