Make in India से आगे बढ़कर अब Own India की टेक्नोलॉजी पर…

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भारत ने हासिल की बड़ी कामयाबी
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर ने पिछले कुछ वर्षों में अच्छी ग्रोथ दर्ज की है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में देश का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन करीब 13.11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि निर्यात 4.24 लाख करोड़ रुपये रहा। यह दिखाता है कि भारत अब इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने में मजबूत स्थिति बना रहा है।
हालांकि, उत्पादन बढ़ने के बावजूद कई जरूरी कंपोनेंट, तकनीक और प्रोडक्ट डिजाइन के मामले में घरेलू कंपनियों की हिस्सेदारी अभी और बढ़ाने की जरूरत है। CII का मानना है कि अब अगला कदम सिर्फ फैक्ट्रियां बढ़ाना नहीं, बल्कि भारतीय कंपनियों को अपने प्रोडक्ट खुद विकसित करने के लिए तैयार करना है।
10 इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट पर रहेगा खास फोकस
CII की रिपोर्ट में 10 ऐसे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट चुने गए हैं, जिनमें भारत अपनी क्षमता मजबूत कर सकता है। इनमें स्मार्टफोन, चार्जर, लैपटॉप, इंडस्ट्रियल कंट्रोल सिस्टम, एयर कंडीशनर, छोटे मोटर, सर्वर, ऑडियो डिवाइस, सिक्योरिटी कैमरे और स्मार्ट मीटर शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों को बेहतर डिजाइन, स्थानीय कंपोनेंट, रिसर्च और तकनीकी विकास के जरिए आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है। इससे घरेलू ब्रांडों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने में मदद मिलेगी।
चार रणनीतियों से मजबूत होगा घरेलू उद्योग
रिपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिए चार रास्ते सुझाए गए हैं। पहला, मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करते हुए प्रोडक्ट और तकनीक पर भारतीय मालिकाना हक बढ़ाना। दूसरा, कंपनियों को डिजाइन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में सक्षम बनाना।
तीसरा रास्ता सरकारी खरीद और मानकों के जरिए घरेलू कंपनियों को बाजार उपलब्ध कराना है। वहीं चौथी रणनीति कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, ताकि दूसरे देशों पर निर्भरता कम हो सके।
रिसर्च और नई तकनीक पर निवेश जरूरी
CII के मुताबिक, भारत को रिसर्च, टेस्टिंग सुविधाओं, प्रशिक्षित कर्मचारियों और लंबे समय के निवेश पर भी ध्यान देना होगा। अगर भारतीय कंपनियां अपने प्रोडक्ट की तकनीक और बौद्धिक संपदा यानी Intellectual Property (IP) विकसित करती हैं, तो वे वैश्विक बाजार में बेहतर मुकाबला कर पाएंगी।
इस पहल का मकसद भारत को ऐसा देश बनाना है, जो सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक्स का उत्पादन ही न करे, बल्कि अपने ब्रांड, डिजाइन और तकनीक के दम पर दुनिया में पहचान भी बनाए।



