माओवादी संगठन में विद्रोह की स्थिति, तेलुगू कैडर ने किया ACM विज्जा का कत्ल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

माओवादी संगठन में विद्रोह की स्थिति, तेलुगू कैडर ने किया ACM विज्जा का कत्ल

माओवादी संगठन में आंतरिक कलह, तेलुगू कैडर विजय रेड्डी ने अपने ही साथी ACM विज्जा को मार डाला

रायपुर: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर पर माओवादी संगठन के भीतर बगावत की स्थिति ने एक नया मोड़ ले लिया है। तेलुगू कैडर विजय रेड्डी और उसके साथियों ने संगठन के राजनांदगांव-कांकेर डिवीजन के ACM विज्जा मड़कम को गद्दारी के आरोप में मौत के घाट उतार दिया। माओवादियों के इस आंतरिक संघर्ष ने संगठन के कमजोर होते ढांचे को और उजागर कर दिया है।

माओवादी संगठन पर बढ़ते पुलिस दबाव और 2024 में लगातार हो रही क्षति के चलते संगठन में अविश्वास और विद्रोह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हाल के महीनों में मुठभेड़ों में शीर्ष माओवादी नेताओं के मारे जाने के बाद, संगठन में आपसी कलह और संदेह की लहर फैल गई है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने जानकारी दी कि माओवादी कैडर बाहरी राज्य के शीर्ष नेताओं को बचाने के लिए स्थानीय कैडरों का इस्तेमाल मानव ढाल के रूप में कर रहे हैं। लेकिन इस रणनीति के विफल होने के बाद माओवादी नेतृत्व में उथल-पुथल मच गई है। बाहरी राज्यों से आए वरिष्ठ कैडर अब स्थानीय कैडरों पर शक कर रहे हैं और उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

माओवादी संगठन में बढ़ता अविश्वास और विद्रोह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तेलंगाना, महाराष्ट्र, उड़ीसा और अन्य राज्यों के सीनियर माओवादी कैडर अब स्थानीय कैडरों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे संगठन में विद्रोह और विश्वासघात की स्थिति बढ़ गई है। 06 सितंबर 2024 को इसी अविश्वास के कारण विजय रेड्डी ने ACM विज्जा मड़कम की हत्या कर दी।

माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने के लिए पुलिस मुखबिरी और गद्दारी जैसी झूठी कहानियां गढ़ी जा रही हैं।

पुलिस ने माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील की

बस्तर रेंज के आईजी ने माओवादी कैडरों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें। उन्होंने कहा कि संगठन अब नेतृत्वविहीन और दिशा-विहीन हो चुका है। स्थानीय माओवादी कैडरों के पास अब शासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

Related Articles

Back to top button