हैदराबाद की विधानसभाओं का छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं ने लिया जायजा

रायपुर(realtimes) भाजपा ने मिशन तेलगांना काे लेकर अलग ही रणनीति पर काम किया है। अगले साल वहां होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रखी है। इसी के साथ इस बैठक से पहले विधानसभाओं की स्थिति जानने का जिम्मा राष्ट्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों को सौंपा है। इसमें छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं को हैदराबाद की विधानसभाओं की स्थिति को जानने का जिम्मा दिया गया है। 48 घंटों तक विधानसभा क्षेत्रों में रहने के बाद अब ये नेता तेलंगाना के प्रदेश संगठन को वहां की स्थिति की रिपोर्ट देंगे। इसी के आधार पर उन विधानसभाओं में जो सुधार करना होगा किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को गोशामहल विधानसभा, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को अस्वरावपेटा, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर को हैदराबाद के मंथाली जिला के पेडापल्ली विधानसभा, बिलासपुर सांसद अरुण साव को परकल व पूर्व मंत्री लता उसेंडी को एललान्दू विधानसभा की जवाबदारी दी गई थी।
कौन किस विधानसभा में गया
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह संपर्क अभियान के दौरान तेलंगाना भाजपा कार्यालय में गोशामहल विधानसभा के शक्ति केंद्र प्रभारी, सभी मोर्चा के अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल की कार्यकारिणी, जिला के पदाधिकारियों को संबोधित किया और वहां के बारे में पूरी जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक तेलंगाना संपर्क अभियान के तहत तेलंगाना के कोठागुड़ेम विधानसभा में दो दिनों तक जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भेंट कर संगठन की मजबूती व विजय तेलंगाना के लिए चर्चा की। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के समग्र विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी जरूरी है। इसी तरह अजय चंद्राकर लगातार प्रत्येक शक्ति केंद्र बूथ और मंडल तक लगातार बैठकें, वन टू वन कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बाकी नेताओं ने भी जहां की जिम्मेदारी मिली थी, वहां का दौरा कर पूरी जानकारी जुटाई है।
आज राष्ट्रीय कार्यसमिति में करेंगे शिरकत
प्रदेश भाजपा ने सभी नेता अब दो दिनों तक होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। कार्यसमिति में मुख्य रूप से आने वाले तीन माह में संगठन की दृष्टि से क्या-क्या होना है, इसको लेकर कार्ययोजना बनेगी। सबसे अहम जिन राज्यों में इस साल चुनाव होने हैं और जिन राज्यों में अगले साल चुनाव होंगे, उन राज्यों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा होगी। छत्तीसगढ़ में भी अगले साल चुनाव होने हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ में चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों की जहां यहां के पदाधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। वहीं आने वाले समय में क्या-क्या करना है इसको लेकर रणनीति बनेगी। इस चर्चा में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री और प्रदेश के संगठन के प्रभारी शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नवीन भी शामिल होंगे।



