हिमाचल विधानसभा चुनाव : Shimla जिले में 8 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन लिया वापस

शिमला : शिमला जिला में शनिवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन तक 8 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया। जिला के आठ विधानसभा क्षेत्रों में अब 50 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहे गए हैं। चौपाल विस क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सबला राम ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है जिसके बाद चौपाल क्षेत्र में अब 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भाजपा, कांग्रेस और बसपा के अलावा आजाद उम्मीदवार चुवानी मैदान में अपना-अपना भाग्य आजमाएंगे। ठियोग विस क्षेत्र में 8 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी रोशन लाल ने अपना नामांकन वापस लिया है। कसुंपटी विस क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की कवरिंग प्रत्याशी डा. अंजू चानना ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया, जिसके बाद यहां पर 6 उम्मीदवार मैदान रहे गए हैं। शिमला शहरी से निर्दलीय प्रत्याशी गौरव शर्मा ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। जिसके बाद अब यहां पर 7 उम्मीदवारों में चुनावी जंग होगी। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से 4 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया। जिसमें कांग्रेस से बागी विशेषर लाल के अलावा मेघ राज, रूपेश्वर सिंह एवं भूपेश शामिल हैं, इसके बाद इस विधानसभा क्षेत्र में 5 उम्मीदवार मैदान में है। शिमला ग्रामीण, जुब्बलकोटखाई और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अब 6-6 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सभी मतदाताओं से अपने मत का प्रयोग करने का आग्रह
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि जिला शिमला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 61 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जिसमें से छटनी प्रक्रिया के दौरान 3 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए गए थे। छटनी प्रक्रिया के उपरांत बाकी 58 प्रत्याशियों में से शनिवार को नामांकन के आखिरी दिन 8 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ जिला शिमला में 12 नवंबर को मतदान का दिन है, जिसके लिए उन्होंने जिला के सभी मतदाताओं से अपने मत का प्रयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हम सभी को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को मतगणना होंगी।



