हरियाणा के मुख्य सचिव ने CET preparations के लिए जिला उपायुक्तों के साथ की बैठक

चंडीगढ़: हरियाणा में ग्रुप सी पदों के लिए होने वाले चिरप्रतीक्षित कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) 5-6 नवंबर, 2022 को आयोजित होगा। इस टेस्ट में 11,36,874 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। यह टेस्ट चंडीगढ़ और प्रदेश के 17 जिलों में होगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शुक्रवार को जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की। उन्होंने जिला उपायुक्तों को कई निर्देश दिए। टेस्ट दोनों दिन सुबह और शाम की शिफ्टों में होगा। एक शिफ्ट में लगभग तीन लाख उम्मीदवार पहुंचेंगे।
वैसे 7 नवंबर को भी इस परीक्षा के लिए रिजर्व रखा गया है। अगर किसी कारणवश दोबारा परीक्षा करवाने की आवश्यकता हुई तो वह परीक्षा 7 नवंबर को होगी। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, हरियाणा रोडवेज महाप्रबंधकों के साथ सीईटी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप विर्क, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के विशेष सचिव पंकज, परिवहन आयुक्त राज नारायण कौशिक, राज्य परिवहन निदेशक डॉ. वीरेंद्र दहिया और अन्य अफसर मौजूद रहे।



