सोनी बोले-मतदाता सूची के काम में हो रही लापरवाही, बढ़ाया जाए 15 दिनों का समय

रायपुर(realtimes) रायपुर के सांसद सुनील सोनी ने कहा, बूथ लेवल के आफिसरों द्वारा मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने तथा गलत नाम को विलोपित करने के काम में लापरवाही की जा रही है। इसलिए नए नाम जोड़ने तथा गलत नाम विलोपित करने का समय 31 अगस्त के बाद 15 दिन और बढ़ाया जाए।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चआ करते हुए श्री सोनी ने आरोप लगाया, भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा दिए गए आदेशों का पालन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के द्वारा नहीं कराया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में नाम जोड़ने के लिए तय किए गए बूथ लेवल ऑफिसर कई स्थानों पर हड़ताल पर हैं तथा कई कर्मचारी यूनियन अभी सरकार के विरुद्ध हड़ताल पर बैठे हैं। बूथ लेवल ऑफिसर अपने बूथ पर नहीं बैठ रहे हैं, इसकी शिकायत भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ के निर्वाचन कार्यालय से की गई थी। इस पर निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी कलेक्टर को आदेश देकर बूथ ऑफिसर को निर्धारित स्थान पर जाने का निर्देश दिया गया, फिर भी बूथ लेवल ऑफिसर अभी भी क्षेत्र में भ्रमण नहीं कर रहे हैं और अपने निर्धारित स्थान पर बैठ नहीं रहे हैं। श्री सोनी ने हैरानी जताई कि चुनाव जैसी अनिवार्य सेवा के प्रति उदासीनता का परिचय दिया जाना अवांछनीय है लेकिन निर्वाचन आयोग तथा कलेक्टर द्वारा अभी तक किसी भी बूथ लेवल ऑफिसर पर किसी भी प्रकार की कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है।
फार्म भ्रष्टाचार का आरोप
श्री सोनी ने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर को हर बूथ पर नाम जोड़ने के लिए फॉर्म नंबर 6 तथा नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7 लेकर बैठना है और नागरिकों को यह दोनों फार्म नि:शुल्क देना है, किंतु बूथ लेवल ऑफिसर कुछ ही स्थानों पर बैठ रहे हैं जहां पर उनके पास कोई फार्म नहीं है और वह बिना फार्म के ही नाम जोड़ अथवा विलोपित करने का कार्य कर रहे हैं। श्री सोनी ने सवाल किया कि क्या यह जिला निर्वाचन अधिकारी का यह ‘फार्म भ्रष्टाचार’ है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ तथा जिला निर्वाचन अधिकारी नागरिकों के निर्वाचन सूची में नाम जोड़ने तथा गलत नाम विलोपित करने के अपने दायित्व के प्रति गंभीर नहीं हैं और मात्र खानापूर्ति की जा रही है। श्री सोनी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के ऑनलाइन सिस्टम में नाम जोड़ने के कार्य में वेबसाइट या तो नहीं चल रही है, या फिर बहुत स्लो चल रही है। इसकी भी शिकायत की गई है किंतु अभी तक इस पर कोई समाधानकारक पहल नहीं की गई है। श्री सोनी ने कहा कि भाजपा के सभी पदाधिकारी 21 अगस्त से 31 अगस्त तक नाम जुड़वाने तथा गलत नाम विलोपित कराने के लिए जनजागरण अभियान भी चलाएंगे।



