
रायपुर(realtimes) इस बार भी दीपावली से पहले साेने की कीमत ने लाेगाें काे राहत देने का काम किया है। त्योहारी सीजन में इस समय सोने की कीमत 52 हजारी है। ऐसे में अब पुष्य नक्षत्र से लेकर धनतेरस तक जमकर खरीदारी होगी। इस बार धनतेरस भी दो दिन पड़ रही है, इसकी वजह से और बाजार में और ज्यादा बूम रहेगा। प्रदेश के सराफा बाजार में करीब हजार करोड़ का कारोबार होने की अनुमान है। सोने में जहां कई तरह के लाइटवेट गहने आए हैं, वहीं चांदी में अष्टलक्ष्मी लोटा 48 सौ से 90 हजार तक का है।
सोने की कीमत इस साल 55 हजार के अंदर रही है। सोना मार्च में 55 हजार था, इसके बाद से इसकी कीमत लगातार कम होती गई है। सितंबर में यह 50 हजार तक आ गया था। इसके बाद से इसमें दो हजार तक की कीमत बढ़ी है। इस समय सोने की कीमत राजधानी रायपुर में 52 हजार तीन सौ रुपए जीएसटी के साथ है। जहां चक चांदी का सवाल है तो चांदी इसकी कीमत जीएसटी के साथ 58 हजार पांच सौ रुपए है।
जमकर हो रही खरीदारी
राजधानी के सराफा बाजार में इस समय सोने और चांदी की जमकर खरीदारी हो रही है। अब यह खरीदारी लगातार धनतेरस तक होगी। कारोबारियों का कहना है, पिछले साल भी सोने की कीमत कम होने से जमकर खरीदारी हुई थी। इस बार उससे ज्यादा खरीदारी होने का अनुमान है। करीब हजार करोड़ का कारोबार पूरे त्योहारी सीजन में होगा। इसमें से 50 फीसदी कारोबार तो अकेले धनतेरस के दिन होगा।
ये हैं नए आइटम
सराफा बाजार में सोने के नए आइटमों के बारे में कारोबारी हरख मालू बताते हैं, सोने में लाइटवेट में कई तरह के गहने आए हैं। इसमें झूमकों से लेकर पूरा सेट शामिल है। चांदी के थोक कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी के मुताबिक लक्ष्मी पूजा के लिए चांदी के आइटम ही ज्यादा बिकते हैं। इस बार अष्टलक्ष्मी लोटा आया है। यह 80 ग्राम से लेकर डेढ़ किलो तक का है। इसकी कीमत 48 सौ रुपए से 90 हजार तक है। इसी के साथ गणेश, लक्ष्मी के साथ कई तरह के कई देवी-देवताओं की मुर्तियां, श्रीयंत्र आए हैं। चांदी के कई तरह के सिक्के भी आए हैं। श्री लाहोटी का कहना है कि डिमांड के मुताबिक सप्लाई नहीं हो पा रही है। पूरे प्रदेश के शहरों के चिल्हर कारोबारी यहां से खरीदारी करते हैं।



