
रायपुर(realtimes) प्रदेश में मानसून के कारण निर्माण कार्यों पर लगभग विराम लगने के बाद भी एक बार फिर से सीमेंट कंपनियां बेलगाम हाे गई हैं। इस समय सीमेंट की कीमत तीन सौ रुपए के पार है, वहीं रेत के दाम डबल हो गए हैं। रेत पहले 12 से 13 रुपए फीट थी जो अब 24 से 25 रुपए हो गई है। जहां तक सरिया की कीमत का सवाल है तो इसकी कीमत पांच हजार रुपए टन कम हो गई है। इस समय लोकल सरिया थोक में 53 और चिल्हर में 54 हजार रुपए टन बिक रहा है। जहां तक ब्रांडेड सरिया का सवाल है तो इसकी कीमत बहुत ज्यादा है।
प्रदेश भर में मानसून के प्रारंभ होने के बाद सरकारी के साथ निजी कामों की रफ्तार लगभग बंद जैसी है। जहां सरकारी कामों में जो जरूरी काम है वही चल रहे हैं, वहीं निजी कामों में बिल्डरों की योजनाओं में आवासों के अंदर के ही काम हो रहे हैं। जो खुद के घरों का निर्माण करा रहे हैं, उनके कामों की रफ्तार भी मंद है।
सीमेंट की कीमत और बढ़ाने की तैयारी
मानसून में डिमांड न होने के बाद भी हमेशा की तरह सीमेंट कंपनियां अपना हर माह का कोटा पूरा करने के लिए लगातार कीमत बढ़ाने की बात करके माल खपाने का काम करती हैं। इस समय ज्यादातर सीमेंट कंपनियों के सीमेंट की कीमत 280 से 310 रुपए है। आने वाले सप्ताह में कीमत में 20 रुपए का इजाफा करने की बात की जा रही है। सीमेंट कंपनियां अपने डीलरों से कह रही है कि 320 रुपए से कम में सीमेंट न बेचें। कारोबारियों का कहना है डिमांड ही नहीं है तो कहां से ज्यादा कीमत में सीमेंट बेचे। जो स्टॉक है वहीं नहीं बिक पा रहा है।
सरिया की कीमत कम
सरिया की कीमत हमेशा मानसून के समय कम हो जाती है। इस समय लोकल सरिया की कीमत 5400 रुपए टन है। इसी के साथ 8 और 32 एमएम का सरिया 56 हजार रुपए टन है। लेकिन जहां तक ब्रांडेड सरिया का सवाल है तो इसमें भी दो प्रकार के ब्रांडेड सरिया हैं। एक सरिया सेल और टाटा और अन्य बड़ी कंपनियों का है। इसकी कीमत इस समय 64 हजार रुपए टन है। इसकी कीमत में भी चार से पांच हजार की कमी आई है। यह सरिया पहले 68 से 69 हजार रुपए टन चल रहा था। इसी के साथ लोकल में ब्रांडेड सरिया की कीमत लोकल सरिया से दो से तीन हजार रुपए ज्यादा होती है। यह सरिया इस समय 57 से 59 हजार रुपए टन जीएसटी के साथ मिल रहा है।
रेत में जमकर मुनाफाखोरी
रेत में इस समय जमकर मुनाफाखोरी हो रही है। बारिश से पहले जिन लोगों ने स्टॉक करके रखा है, वो अब इसको ज्यादा कीमत पर बेच रहे हैं। मानसून से पहले रेत की कीमत 12 से 13 रुपए फीट थी, लेकिन अब इसकी कीमत 24 से 25 रुपए फीट हो गई है। आने वाले समय में कीमत 30 रुपए के पार जाने की संभावना है। जिन लोगों ने अवैध रूप से स्टॉक करके रखा है, उन पर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रही है। कारोबारियों से खदानों के आस-पास हजारों ट्रक का स्टॉक रखा है।



