सीबीआई ने आरएमएल अस्पताल में घूसखोरी का किया भंडाफोड़, दो चिकित्सकों समेत नौ लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली: आठ मई (ए) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बुधवार को एक बड़े घूसखोरी का भंडाफोड़ करते हुए दो वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक हृदय रोग विभाग के प्रोफेसर अजय राज और सहायक प्रोफेसर पर्वत गौड़ा चन्नप्पागौड़ा को चिकित्सा उपकरणों के आपूर्तिकर्ताओं से उनके उत्पादों और स्टेंट का उपयोग करने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।बताया जा रहा है कि सीबीआई की ओर से इस मामले में आईपीसी की धारा 120बी के तहत एफआईआर 7 मई को दर्ज की गई थी. आरोप लगाए गए हैं कि नागपाल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक नरेश नागपाल अस्पतालों में उपकरणों की आपूर्ति करते हैं. इस माह 2 मई को पर्वतगौड़ा ने नागपाल से उपकरणों की सप्लाई के बदले उनसे रिश्वत की मांग की थी. नागपाल ने मांगी गई रिश्वत का पिछले महीने का बकाया चुकाने को आश्वस्त भी किया था. इस दौरान रिश्वत की रकम को 7 मई को आरएमएल अस्पताल में पहुंचाने का आश्वासन दिया था.सीबीआई सूत्रों के अनुसार, आरएमएल अस्पताल के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर पर्वतगौड़ा को ढाई लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। रिश्वत का यह पैसा उन्हें यूपीआई के माध्यम से मिला था। इसके अलावा अस्पताल की कैथ लैब में सीनियर टेक्निकल इंचार्ज रजनीश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।



