सिंहदेव वाले मामले में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सिंहदेव वाले मामले में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

रायपुर(realtimes) प्रदेश के मंत्री टीएस सिंहदेव के पंचायत विभाग से इस्तीफे को लेकर भाजपा और कांग्रेस में वार और पलटवार चल रहा है।  भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, प्रदेश में संवैधानिक संकट की स्थिति हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कैबिनेट का विश्वास खो चुके हैं। इस मामले में कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा, साय ताे भाजपा और जनता दाेनाें का भराेसा खाे चुके हैं।

एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साय ने कहा, प्रदेश सरकार अपना विश्वास खो चुकी है। जन घोषणापत्र के अनुकूल काम करने में यह सरकार विफल रही है। प्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री को अपने विभाग का त्यागपत्र देकर इस बात को प्रमाणित किया है कि जो आरोप भाजपा लगाती रही है, 8 लाख परिवार पीएम आवास से वंचित हुए हैं, वह सही साबित हो गया है। इससे करीब 40 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। श्री साय ने कहा, हमारा आरोप है कि बीते साढ़े तीन साल में 16 लाख परिवार पीएम आवास से वंचित हो गए हैं। उन्होंने कहा, मंत्री से ऊपर मुख्य सचिव की कमेटी बनाकर मंत्री के अधिकारों का हनन किया गया है। यह सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। 

साय खाे चुके हैं जनता और भाजपा का भराेसा

भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय की पत्रकारवार्ता का जवाब देते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विष्णुदेव साय अपने दल और केन्द्रीय नेतृत्व का भरोसा खो चुके है वे किस नैतिकता से मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांग रहे है। विष्णुदवे साय को अपने गिरेबान में झांक कर आत्म अवलोकन करना चाहिये कि विश्वास किसने और किस का खोया है? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की दो तिहाई बहुमत की सरकार है। भूपेश बघेल कांग्रेस विधायक दल के नेता है। ऐसे दो तिहाई बहुमत के विधायक दल के नेता से इस्तीफा मांगने पर भाजपा की बौखलाहट साफ दिख रही हैं।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विष्णुदेव साय के आका रमन सिंह सार्वजनिक रूप स्वीकार कर चुके है कि विष्णुदेव की जगह आधा दर्जन लोग कपड़ा सिलवा कर अध्यक्ष बनने का इंतजार कर रहे है। एक सप्ताह पहले ही विष्णुदेव के नेतृत्व क्षमता पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद कुमार साय अविश्वास जता चुके है। राज्य के नेताओं के साथ भाजपा का केन्द्रीय नेतृत्व भी भरोसा नहीं करता है। प्रभारी पुरंन्देश्वरी जब भी प्रदेश के दौरे पर जाती है विष्णुदेव को साथ ले जाने से परहेज करती है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष ने कहा कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के 90 फीसदी से अधिक वायदों को पूरा कर चुकी है। 2018 में कांग्रेस ने जो कहा भूपेश सरकार ने वह किया है। कांग्रेस सरकार ने किसान, युवा, मजदूर, आदिवासी, महिला सभी वर्ग से किये वायदों को पूरा किया है। जनता भी कांग्रेस सरकार के कामों से प्रसन्न है और जनता का भरोसा कांग्रेस के प्रति लगातार बढ़ रहा। कांग्रेस चार उपचुनाव नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव सभी में भाजपा को करारी शिकस्त दी है लगातार  जनता का भरोसा खोने वाली भाजपा के नेताओं द्वारा लोकप्रिय मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगना हास्यास्पद है।

Related Articles

Back to top button