सामाजिक समरसता तथा समाज में बदलाव जरूरी, प्रदेश की जनता दूरदर्शिता व सोच समझकर मतदान करे: Dr. KR Arya - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

सामाजिक समरसता तथा समाज में बदलाव जरूरी, प्रदेश की जनता दूरदर्शिता व सोच समझकर मतदान करे: Dr. KR Arya

ऊना: हिमाचल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर बाबू जगजीवन राम अखिल भारतीय समता आंदोलन के हिमाचल व पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. केआर आर्य ने कहा है कि प्रदेश की जनता दूरदर्शिता व सोच समझकर मतदान करे। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही समाज की तकदीर को बदल सकता है। इसलिए जरूरी है कि अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर अपना वोट उस प्रत्याशी को ही दें जो विकास का पक्षधर है। आज जरूरत है समाज के सर्वांगीण विकास की इसलिए सभी मतदाताओं को जागरूक बन कर विकास को ही प्राथमिकता देनी चाहिए। एक नहीं कई ऐसे कार्य लंबित पड़े हैं जिन्हें पूरा करवाने के लिए विकास को अपना उद्देश्य मानने वाला प्रत्याशी ही व्यापक जनहित में प्रभावी सेवाएं प्रदान कर सकता है।

इलाके में जाने-माने समाज सेवक के तौर पर सेवाएं प्रदान करते आ रहे डॉ. केआर आर्य ने कहा कि सामाजिक समरसता तथा समाज में जरूरी बदलाव के लिए सेवाएं प्रदान करता आ रहा समता आंदोलन इस चुनाव में अपने जागरूकता अभियान के तहत लोगों को यह जरूर बताएगा कि सभी मतदाताओं को मतभेद तथा राजनीति से ऊपर उठकर विकास पर फोकस करते हुए अपना वोट डालना चाहिए। समाज में विकास की लहर लाकर ही हम प्रत्येक नागरिक को आर्थिक रूप से मजबूत करने के सपने को साकार कर सकते हैं। जागरूक बनकर सभी वोटर्स को यह भी सोचना होगा कि ऐसा कौन सा प्रत्याशी है जो उच्च स्तरीय प्रयास करके हमारे विधानसभा क्षेत्र व प्रदेश की तकदीर बदल सकता है।

उन्होंने कहा कि समता आंदोलन का गठन देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय बाबू जगजीवन राम जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए ही किया गया है, इसलिए यह प्रयास है कि समाज के हर वर्ग विशेषकर दबे कुचले लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए चुनाव के समय मतदाताओं को जागरूक किया जाए। चुनावी ही एक ऐसा समय है जिसमें हर वोटर अपनी जागरूकता व दूरदर्शिता का परिचय देकर वोट की ताकत से राष्ट्र के उत्थान में अहम योगदान दे सकता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता को बड़ा पुण्य मानकर समता आंदोलन व्यापक जनहित में शुरू किए गए प्रयास को अपना सरोकार व सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए लगातार जारी रखेगा। इस अवसर पर कामरेड जगत राम ,बलराम महेश, अमित सहित अन्य उपस्थित रहे

Related Articles

Back to top button